बरेली

होली पर खलल डालने वालों सावधान… एसएसपी का सख्त ऐलान, गड़बड़ी की तो बख्शे नहीं जाओगे

होली से पहले बरेली पुलिस ने सख्त तेवर दिखा दिए हैं। सोमवार रात एसएसपी अनुराग आर्य ने गूगल मीट के जरिए जिले भर के अफसरों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की और साफ कर दिया कि त्योहार के दौरान गड़बड़ी करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

2 min read
Feb 24, 2026

बरेली। होली से पहले बरेली पुलिस ने सख्त तेवर दिखा दिए हैं। सोमवार रात एसएसपी अनुराग आर्य ने गूगल मीट के जरिए जिले भर के अफसरों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की और साफ कर दिया कि त्योहार के दौरान गड़बड़ी करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में सभी अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में जिले में हो रहे अपराधों की एक-एक कर समीक्षा की गई और कई मामलों में जवाब-तलब भी हुआ।

पेंडिंग मामलों पर सख्ती, विवेचकों को सीधा संदेश

एसएसपी ने लंबित और पुनर्विवेचना वाले मामलों पर नाराजगी जताई। निर्देश दिया गया कि क्षेत्राधिकारियों की निगरानी में सभी पेंडिंग विवेचनाओं का जल्द निस्तारण किया जाए। साथ ही हर एफआईआर को ई-साक्ष्य ऐप से लिंक करने और लंबित एसआईडी को संबंधित एफआईआर से जोड़ने के निर्देश दिए गए, ताकि जांच प्रक्रिया में कोई ढिलाई न रहे।

होलिका दहन स्थल और जुलूस मार्गों पर रहेगी कड़ी निगरानी

आगामी होली पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने के आदेश दिए गए हैं। होलिका दहन स्थलों और जुलूस मार्गों का पहले से निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने को कहा गया है। पिछले वर्षों में जिन इलाकों में विवाद हुए थे, उनकी विशेष समीक्षा कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

डायल 112 के रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे

होली के दौरान डायल 112 पर आए पुराने इवेंट्स की भी समीक्षा होगी। जिन क्षेत्रों में पहले तनाव या झड़पें हुईं, वहां इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। थाना प्रभारियों को संवेदनशील पॉइंट चिन्हित कर ड्यूटी चार्ट तैयार करने, क्लस्टर मोबाइल बनाकर लगातार गश्त करने और पल-पल की रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।

असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ शब्दों में कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस बार होली उल्लास के साथ-साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाई जाएगी और किसी भी हाल में शांति भंग नहीं होने दी जाएगी।

Also Read
View All