21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली में दिनदहाड़े महिला की हत्या, घर में घुसकर गला दबाया, CCTV में कैद हुआ हत्यारोपी, जांच में जुटी पुलिस

सुभाषनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाश ने उस वक्त वारदात को अंजाम दिया, जब महिला घर में अकेली थी। उसके दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे और भांजी उन्हें लेने गई थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुसा और गला दबाकर महिला की हत्या कर दी।

2 min read
Google source verification

बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाश ने उस वक्त वारदात को अंजाम दिया, जब महिला घर में अकेली थी। उसके दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे और भांजी उन्हें लेने गई थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुसा और गला दबाकर महिला की हत्या कर दी। वारदात का खुलासा उस समय हुआ जब भांजी शीतल यादव घर पहुंची और अंदर का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई।

दरवाजा खटखटाया, जवाब नहीं मिला तो अंदर जाकर देखा शव

जानकारी के मुताबिक, मृतका गीता घर में अकेली थी। दोपहर में जब उसकी भांजी शीतल बच्चों को स्कूल से लेने के बाद घर पहुंची तो कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उसने गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया, जहां गीता का शव जमीन पर पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर वह बदहवास हो गई और तुरंत परिजनों को सूचना दी।

छाता और बैग लेकर आया था संदिग्ध, CCTV में कैद हुई हरकतें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति घर में आता दिखाई दिया है। वह पहचान छिपाने के लिए हाथ में छाता लिए हुए था और उसके पास एक बैग भी था। पुलिस इसी हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

पति पंजाब में तैनात, मां की मौत से बच्चों का बुरा हाल

मृतका के पति भारत सिंह फौज में हैं और इस समय पंजाब के फिरोजपुर में तैनात हैं। गीता अपने दो बेटों—14 वर्षीय दृश्य और 12 वर्षीय हर्ष—के साथ बरेली में रह रही थी। घटना के वक्त दोनों बच्चे स्कूल में थे। मां की हत्या की खबर मिलते ही बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है। महिला की गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के समय और कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस की कई टीमें सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।