
बरेली। शहर के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए नगर निगम ने 1090 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया। मंगलवार को महापौर डॉ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव बिना किसी विरोध के मंजूर हुआ। इसे शहर के लिए अब तक का सबसे बड़ा और संतुलित बजट माना जा रहा है, जिसमें बुनियादी सुविधाओं से लेकर सौंदर्यीकरण तक पर खास जोर दिया गया है।
इस बजट में शहर की सड़कों के निर्माण के लिए 120 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, शहर को जगमग करने के लिए 30 हजार नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना को मंजूरी मिली है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से हर वार्ड में 300 से अधिक लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे अंधेरे वाले क्षेत्रों में सुरक्षा और आवाजाही दोनों बेहतर होगी। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके जरिए हर घर से नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने की योजना है, जिससे शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
नगर निगम ने पेयजल और सीवर लाइन को हर गली तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए बजट में 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राशि भी खर्च की जाएगी, ताकि जलभराव और पेयजल संकट जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके। वहीं शहर को हरित और सुंदर बनाने के लिए 330 पार्कों के सौंदर्यीकरण पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, ग्रीन बरेली और मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत 40 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है, जिससे शहर की सूरत बदलने की तैयारी है।
बैठक में तय किया गया कि सीबीगंज क्षेत्र में दो माह के भीतर नंदीशाला का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए दो एजेंसियों का चयन किया गया है, जो नसबंदी अभियान चलाएंगी। बंदरों की समस्या के समाधान के लिए वन विभाग भी अभियान चलाएगा। नगर निगम ने अपनी आय बढ़ाने के लिए भी बड़ा लक्ष्य तय किया है। अब 600 करोड़ के मुकाबले 750 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा गया है, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि यह बजट शहर के हर क्षेत्र को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। लक्ष्य सिर्फ बजट पास करना नहीं, बल्कि उसे जमीन पर उतारना है। हर वार्ड में सड़क, पानी, सीवर और रोशनी की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बरेली को स्मार्ट और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके। बैठक में नगर आयुक्त संजीव मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी समेत कई अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।
Published on:
21 Apr 2026 08:03 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
