बरेली

तीन बच्चे डूबे, दो को खींच लाए लोग, लेकिन अर्जुन को निगल गई रामगंगा, 22 घंटे से तलाश जारी

सिरौली क्षेत्र के कैलाश गिरी रामगंगा घाट पर शनिवार शाम गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करते समय 14 वर्षीय किशोर अर्जुन गहरे पानी में डूब गया।

2 min read
Mar 29, 2026

बरेली। सिरौली क्षेत्र के कैलाश गिरी रामगंगा घाट पर शनिवार शाम गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करते समय 14 वर्षीय किशोर अर्जुन गहरे पानी में डूब गया। साथ नहा रहे दो बच्चों को लोगों ने किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन अर्जुन नदी की तेज धारा में समा गया। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश में जुटी है, लेकिन 22 घंटे बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है।

जानकारी के मुताबिक मीरगंज क्षेत्र के मनकर गांव से करीब 50 से 60 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर कैलाश गिरी रामगंगा घाट पर गंगा स्नान और भंडारे के लिए पहुंचे थे। शनिवार शाम करीब चार बजे घाट पर लोग स्नान कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे नदी में उतर गए और खेलते-खेलते गहरे पानी की तरफ चले गए।

तीन बच्चे डूबने लगे, दो को बचाया गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनमोल, कपिल और अर्जुन नाम के तीन बच्चे अचानक गहरे पानी में फंस गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर अनमोल और कपिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अर्जुन देखते ही देखते नदी में डूब गया। मनकरा निवासी अजय शर्मा ने बताया कि अर्जुन उनका साला था और वह ढकिया शाहाबाद का रहने वाला था। वह गांव में जागरण देखने आया हुआ था। इसी दौरान वह बिना बताए अन्य लोगों के साथ गंगा स्नान के लिए चला गया और यह हादसा हो गया।

22 घंटे से जारी सर्च ऑपरेशन, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही सिरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर बच्चे की तलाश शुरू कराई गई। पुलिस ने रामगंगा में करीब 500 मीटर के दायरे में जाल डलवाकर सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक शव बरामद नहीं हो सका। करीब 22 घंटे से रेस्क्यू टीम लगातार नदी में तलाश कर रही है, जबकि घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Also Read
View All

अगली खबर