उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने झील में नौका विहार का आनंद लिया और फैमिली ट्रेन में बैठकर यात्रा की। वहीं, मंत्री धर्मपाल सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने यहाँ बनने वाले पर्यटक गेस्ट हाउस की नींव भी रखी।
बरेली। तहसील आंवला के रामनगर स्थित ऐतिहासिक लिलौर झील आज पर्यटकों के लिए नए आकर्षण का केंद्र बन गई। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के मुख्य आतिथ्य में वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, विधायक नवाबगंज एम.पी. आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक कुंवर महाराज सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में झील किनारे फैमिली ट्रेन और ट्रैक का फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने झील में नौका विहार का आनंद लिया और फैमिली ट्रेन में बैठकर यात्रा की। वहीं, मंत्री धर्मपाल सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने यहाँ बनने वाले पर्यटक गेस्ट हाउस की नींव भी रखी।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि महाभारत काल में भी इस यक्ष सरोवर का उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा लिलौर झील भोग की भूमि नहीं, बल्कि योग और ध्यान की भूमि है। इसे धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। स्थानीय लोग होम स्टे नीति के तहत पर्यटकों को भोजन और आवास की सुविधा देकर रोजगार पा सकते हैं। साफ-सफाई और अच्छा व्यवहार बनाए रखना आपकी जिम्मेदारी है।
कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने कहा कि महाभारत कालीन यह झील पूरे बरेली मंडल के लिए धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और विकसित हो रहे पर्यटन सुविधाओं के साथ यह मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगी। वहीं डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि झील के आसपास साफ-सफाई और सुव्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय लोगों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने बताया कि लिलौर झील तक ई-बस सेवा भी संचालित की जाएगी और गर्मी के मौसम में जल स्तर बनाए रखने के लिए नलकूप लगाए गए हैं। उनका कहना था कि झील का विकास नैनीताल की झील की तर्ज पर किया जाएगा।
अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने बताया कि फिलहाल चार डिब्बों की फैमिली ट्रेन शुरू की गई है। भविष्य में इसे झील के चारों ओर 52 हेक्टेयर क्षेत्र में चलाने की योजना है। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी आंवला विदुषी सिंह, अधिशासी अभियंता विनय शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।