शहर में गुरुवार सुबह एक और तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बारादरी थाना क्षेत्र स्थित इसाइयों की पुलिया के पास एक भारी वाहन ने स्कूटी सवार युवती को कुचल दिया।
बरेली। शहर में गुरुवार सुबह एक और तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बारादरी थाना क्षेत्र स्थित इसाइयों की पुलिया के पास एक भारी वाहन ने स्कूटी सवार युवती को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवती की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया निवासी राजवीर सिंह की 32 वर्षीय बेटी मीना गुरुवार सुबह करीब सात बजे स्कूटी से शहर की ओर जा रही थीं। वह नकटिया से फ्लाईओवर पार कर इसाइयों की पुलिया की ओर बढ़ रही थीं, तभी शहर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मीना सड़क पर गिर गईं और वाहन उन्हें रौंदता हुआ आगे निकल गया। सूचना मिलते ही सेटेलाइट चौराहा चौकी प्रभारी विनय बहादुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मीना को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। इलाके में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष है। लोगों का कहना है कि पुलिया और फ्लाईओवर पर भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम न लगने से आए दिन हादसे हो रहे हैं।