मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में गड़बड़ियां सामने आने से प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में कमिश्नर एवं एसआईआर के रोल प्रेक्षक भूपेन्द्र एस. चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जाएगा।
बरेली। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में गड़बड़ियां सामने आने से प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में कमिश्नर एवं एसआईआर के रोल प्रेक्षक भूपेन्द्र एस. चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बूथवार फार्म-6, 7 और 8 की संख्या उपलब्ध कराने की मांग रखी। उनका कहना था कि यदि आंकड़े साझा किए जाएं तो वे भी अपने स्तर पर समीक्षा कर सकेंगे। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि पूरा काम पारदर्शिता से हो रहा है और किसी भी प्रकार की जानकारी छिपाई नहीं जाएगी।
प्रशासन का दावा है कि जिन लोगों के नाम एएसडी में छूट गए हैं या जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, उनके फार्म-6 भरवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पात्र मतदाताओं को किसी भी हाल में वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग से अब तक 3,58,387 मतदाताओं का त्रुटिपूर्ण डाटा मिला है। कई मामलों में एक ही व्यक्ति से 6-7 लोगों की मैपिंग पाई गई है। कहीं नामों में गंभीर त्रुटियां हैं तो कहीं माता-पिता और बच्चों की उम्र में महज 10-15 साल का अंतर दर्ज है। इन सभी मामलों में नोटिस जारी किए जाएंगे और सुनवाई के लिए 34 अतिरिक्त एईआरओ तैनात किए जाएंगे।
एसआईआर प्रक्रिया के तहत अब तक 1 लाख 78 हजार लोगों को नोटिस तामील कराए जा चुके हैं। 16 दिसंबर 2025 तक ईआरओ द्वारा राजनीतिक दलों के साथ 27 बैठकें और जिला स्तर पर पांच बैठकें की जा चुकी हैं। दावे और आपत्तियां 6 फरवरी तक स्वीकार की जाएंगी, जबकि नोटिसों की सुनवाई 27 फरवरी तक चलेगी। इसके लिए 133 एईआरओ तैनात किए गए हैं। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च को जारी होगी।
बैठक में भाजपा आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, कांग्रेस नेता अजय शुक्ला सहित सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा और एसडीएम सदर प्रमोद कुमार समेत कई अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।