बरेली

झाड़-फूंक के नाम पर महिला से ठगे 40 हजार रुपये, आरोपी तांत्रिक फरार, एफआईआर दर्ज

झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के झांसे में फंसाकर ठगी करने वाले ढोंगी बाबाओं की करतूतें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला इज्जतनगर थाना क्षेत्र का है, जहां एक कथित तांत्रिक ने घरेलू समस्याएं हल करने का दावा कर एक महिला से 40 हजार रुपये ठग लिए और उसके बाद रफूचक्कर हो गया।

less than 1 minute read
Jun 04, 2025
इज्जतनगर थाना (फोटो सोर्स: पत्रिका)

बरेली। झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के झांसे में फंसाकर ठगी करने वाले ढोंगी बाबाओं की करतूतें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला इज्जतनगर थाना क्षेत्र का है, जहां एक कथित तांत्रिक ने घरेलू समस्याएं हल करने का दावा कर एक महिला से 40 हजार रुपये ठग लिए और उसके बाद रफूचक्कर हो गया।

इज्जतनगर के मठ लक्ष्मीपुर निवासी आशा देवी पत्नी सत्यप्रकाश ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 13 अप्रैल को भोजीपुरा क्षेत्र के गांव मसीद निवासी राजू माहौर नाम का व्यक्ति उनके घर आया। खुद को तंत्र-मंत्र विशेषज्ञ बताते हुए उसने कहा कि वह विशेष अनुष्ठान के जरिए उनकी घरेलू समस्याओं को जड़ से खत्म कर सकता है। इसके एवज में उसने 51 हजार रुपये की मांग की।

झांसे में आई महिला ने दो बार में दिए 40 हजार

झांसे में आई महिला ने दो बार में कुल 40 हजार रुपये आरोपी को दे दिए। लेकिन कई सप्ताह बीत जाने के बाद भी न तो समस्याओं में कोई बदलाव आया और न ही आरोपी ने वादा निभाया। उल्टा वह महिला की बातों को टालता रहा और फिर पूरी तरह संपर्क से गायब हो गया। आशा देवी ने जब राजू माहौर की तलाश की लेकिन कोई सुराग न मिला उसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही पुलिस

इज्जतनगर थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक या चमत्कारी उपायों के नाम पर किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने में दें ताकि ऐसे फर्जी तांत्रिकों पर समय रहते शिकंजा कसा जा सके।

Also Read
View All

अगली खबर