
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब बरेली के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर घर में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति शुरू हो रही है। ग्रामीण इलाकों में घरों को जल जीवन मिशन के तहत जल निगम (ग्रामीण) ने 1804 राजस्व गांवों को 876 पाइप पेयजल योजनाओं से कवर करने का लक्ष्य तय किया है। अधिकारियों का कहना है कि काम तेज रफ्तार से चल रहा है और कई गांवों में नियमित जलापूर्ति भी शुरू हो चुकी है।
क्यारा ब्लॉक के अंगूरी ठाकुरान गांव में जलाशय 85 फीसदी तैयार है। पम्प हाउस और बाउंड्रीवाल बन चुके हैं। 659 घरों में 250 घरों में कनेक्शन हो चुका है। अन्य घरों में भी कनेक्शन कराया जा रहा है। इसके अलावा जिले के मीरगंज के पैगानगरी में पाइप लाइन और कनेक्शन का काम लगभग पूरा है, सोलर पैनल लगाने की तैयारी चल रही है। दिवना और सुजातपुर में डायरेक्ट पम्प से पानी दिया जा रहा है, जबकि जलाशय का काम अभी भी जारी है। नंदगांव और गिरधरपुर जैसे गांवों में काम पूरा होने के बाद नियमित जलापूर्ति शुरू हो गई है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली है।
मीरगंज के वसई, गणेशपुर, वल्ली लखीमपुर और जाफरपुर विलसा जैसे गांवों में जलाशय 30 से 60 फीसदी तक ही बने हैं, लेकिन कई स्थानों पर डायरेक्ट पम्प के जरिये पानी दिया जा रहा है। मानपुर व्योंदा और गुढ़वारा में 90 से 100 फीसदी तक कार्य पूरा हो चुका है। वहां नियमित जलापूर्ति का दावा किया जा रहा है। सीकरी पंचायत के सैदपुर और मिट्टी गांव में 95 फीसदी काम पूरा है, लेकिन एक मशीन खराब होने से पानी रुक गया। इससे साफ है कि तकनीकी खामी से पूरी योजना ठप हो सकती है। मुरचौड़ा और हसनपुर में भी अंतिम चरण का काम जारी है।
फरीदपुर के भगवानपुर कुंदन में योजना पूरी होने के बाद जलापूर्ति सुचारू हो गई है। बिलपुर में निर्माण जारी है, पर पम्प से पानी दिया जा रहा है। भदपुरा के बिहारीपुर, किशनपुर कुइया और मुड़िया मलूकपुर में पाइप लाइन लगभग पूरी हो चुकी है। किशनपुर कुइया में पानी मिल रहा है, बाकी गांवों में जलाशय बनने का इंतजार है। गुलड़िया लेखराज, बबूरा बबूरी, अभयराजपुर खतऊआ और बरखन जैसे गांवों में भी निर्माण अंतिम दौर में है। परीक्षा तब होगी जब हर घर में बिना रुकावट, साफ और नियमित पानी पहुंचेगा। अधिशासी अभियंता ग्रामीण जल निगम ने बताया कि सभी ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति हर घर में की जायेगी। इसको लेकर सभी जगहों पर कनेक्शन किये जा रहे हैं।
संबंधित विषय:
Published on:
13 Feb 2026 07:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
