बरेली

युवाओं को मिलेगा बंपर रोजगार : यूपी में दस लाख रुपये का प्रोजेक्ट लगाने पर 25 प्रतिशत मिलेगा अनुदान

मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत कुम्हारों, शिल्पियों और युवाओं के लिए योगी सरकार ने सुनहरा अवसर लेकर आई है।

2 min read
Apr 15, 2026

बरेली। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत कुम्हारों, शिल्पियों और युवाओं के लिए योगी सरकार ने सुनहरा अवसर लेकर आई है। 10 लाख रुपये तक के प्रोजेक्ट पर सीधे 25 प्रतिशत अनुदान मिलने से माटीकला से जुड़े हर हाथ को अब काम मिलेगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि योजना के तहत बैंक के जरिए टर्म लोन दिया जाएगा, जिसमें 25 प्रतिशत राशि उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड, लखनऊ द्वारा अनुदान के रूप में दी जाएगी। इससे लाभार्थियों पर वित्तीय दबाव काफी कम हो जाएगा और उद्योग शुरू करना आसान बनेगा। इस योजना के तहत मिट्टी से जुड़े हर तरह के उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा। खिलौने, घड़ा, सुराही, कुल्हड़, गिलास, कटोरी, अचारदानी, कप-प्लेट जैसे घरेलू सामान के साथ ही फ्लोर टाइल्स, रूफ टाइल्स, पाइप, वॉश बेसिन जैसे निर्माण सामग्री और सजावटी सामान जैसे गार्डन पॉट, लैम्प आदि बनाकर उद्यम खड़ा किया जा सकता है।

व्यक्तिगत यूनिट लगाकर खुलेगा रोजगार का रास्ता

मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत केवल व्यक्तिगत इकाइयों को ही स्थापित कराया जाएगा। इससे पारंपरिक कारीगरों को सीधे लाभ मिलेगा और वे खुद का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। सरकार की इस योजना ने माटी के हुनर को सीधे बाजार से जोड़ दिया है। अब कुम्हारों और युवाओं के लिए यह मौका है कि वे परंपरा को व्यवसाय में बदलकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर सकेंगे।

18 साल से ऊपर के युवा करें आवेदन

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। साथ ही माटीकला से जुड़ा प्रशिक्षण, प्रमाणपत्र या पारंपरिक ज्ञान होना जरूरी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी https://upmatikalaboard.in/Home/MatikalaRojgaar वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान फोटो, आधार, पैन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड/फैमिली आईडी और प्रोजेक्ट रिपोर्ट अपलोड करनी होगी। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 35 यू/4ए, रामपुर बाग, बरेली या दूरभाष संख्या 0581-2567395 पर संपर्क किया जा सकता है।

Also Read
View All