बाड़मेर

Video : कैम्पर पलटी, 6 मासूमों सहित 19 घायल, 4 गंभीर रैफर

-शिव के देवाणियों की ढाणी के पास हादसा-अचानक आगे आए वाहन के कारण ब्रेक लगाने से हादसा

2 min read
Accident : Uncontrolled camper,19 injured
Accident : Uncontrolled camper,19 injured

बाड़मेर. जिले के शिवकर के देवाणियों की ढाणी के पास रविवार दोपहर बाद अचानक ब्रेक लगाने से बोलरो कैम्पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 6 बच्चों सहित 19 जने घायल हो गए। दुर्घटना में गंभीर घायल 4 को जोधपुर रैफर किया गया है।

हादसे के बाद रास्ते पर जाम लग गया। सदर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर वाहन हटाकर रास्ता खुलवाया। पुलिस के अनुसार बोलेरो कैम्पर सवार ग्रामीण जालीपा में रिश्तेदारी में बैठने जा रहे थे। बीच रास्ते में ही हादसा हो गया। सभी घायल बाड़मेर के सरली गांव के हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैम्पर के आगे चल रही कार के साइड देने पर चालक ने स्पीड तेज कर दी। इस दौरान कार चालक फिर बीच में आ गया। इस पर कैम्पर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। घायल मासूमों को देखकर लोगों का कलेजा मुंह को आ गया। आसपास से निकल रहे लोगों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। घायलों को बाड़मेर के राजकीय अस्पताल लाया गया।

हादसे में घायल

सदर थानाधिकारी सीताराम ओझा ने बताया कि कैम्पर सवार पालू पत्नी आईदान व उसका पुत्र, हीरो पत्नी हनुमानराम, मगाराम पुत्र मुकनाराम, भोमाराम पुत्र उदाराम, कंवराराम पुत्र भोमाराम, मोबताराम पुत्र बस्ताराम, चिमुदेवी पत्पी हीराराम, भैराराम पुत्र बन्नाराम, भोमाराम पुत्र उदाराम, गेहरो पत्नी अचलाराम, अचलाराम पुत्र उदाराम, बाबूदेवी पत्नी गुसांईराम, पप्पू देवी पत्नी कंवराराम, गीता पत्नी भोमाराम, मालू पुत्री बाबूलाल, मोहन पुत्र गोसाईराम, सतकी पुत्री भूराराम व लहरो पत्नी उतमाराम घायल हुए। सभी घायल आपस में रिश्तेदार हैं।

इनको किया रैफर
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल चिमु देवी (35) वर्ष पत्नी हीराराम, नेनू देवी (45) पत्नी बन्नाराम, नेनू देवी (40 ) पत्नी भूराराम व पेमी पत्नी भूराराम को रैफर किया गया।

मौके पर मचा कोहराम

दुर्घटना के बाद महिलाओं, बच्चों व लोगों के चोाटिल होने से कोहराम मच गया। घायल होने के बावजूद परिजन अपने बच्चों को लेकर चिंतित थे। हर कोई मदद को आगे आया।

हादसे से सहम गए मासूम

दुर्घटना में 6 बच्चे घायल हो गए। हादसे के चलते बच्चे सहम गए। अस्पताल में घायल बच्चों को देखकर लोगों का दिल पसीज गया। कई बच्चे घायल परिजन के पास बैड पर थे। लेकिन परिजन को सुध नहीं होने से नर्सिंग स्टॉफ व साथ में आए लोगों ने बच्चों की देखभाल की।

चार सवारी का परमिट

बोलेरो कैम्पर में चालक सहित चार सवारी का ही परमिट होता है। इसमें पीछे सवारियां बैठाना गलत है। विभाग की टीम समय-समय पर ऐसे वाहन में सवारियां भरने पर वाहन सीज व लाइसेंस निलम्बित करने की कार्रवाई करती है।

टीआर पूनड़, जिला परिवहन अधिकारी, बाड़मेर

Published on:
18 Nov 2018 10:01 pm