
बाड़मेर के निकटवर्ती लंगेरा गांव में लेपर्ड की सूचना के बाद मौके पर वन विभाग व ग्रामीण (पत्रिका फोटो)
Barmer Langera Village: बाड़मेर शहर से सटे ग्रामीण इलाके में बुधवार को एक वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना से ग्रामीणों में हलचल मच गई। जिला मुख्यालय से करीब छह किलोमीटर दूर लंगेरा गांव की पहाड़ी पर ग्रामीणों ने एक अज्ञात वन्यजीव देखा। उसके पैंथर होने की आशंका के चलते गांव में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पहाड़ी क्षेत्र का जायजा लिया। फिलहाल वन्यजीव खनन के बाद जमा पत्थरों के बीच छिपा हुआ है। वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। हालांकि, अभी तक उसके पैंथर होने की पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर लंगेरा गांव की पहाड़ी पर ग्रामीणों की नजर एक अज्ञात वन्यजीव पर पड़ी। इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गई। देखते ही देखते यह खबर गांव में फैल गई। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि वन्यजीव पहाड़ी पर खनन के बाद बिखरे पत्थरों के बीच जाकर छिप गया। इसके बाद से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
बाड़मेर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर वन्यजीव को देखने वाले व्यक्ति से जानकारी ली और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पत्थरों के बीच छिपे वन्यजीव की पहचान अभी नहीं हो पाई है। विभागीय टीम का कहना है कि पत्थर हटाने से वन्यजीव को चोट पहुंचने की आशंका है। ऐसे में उसे बाहर निकालने के लिए कोई जल्दबाजी नहीं की जा रही है। टीम उसके खुद बाहर आने का इंतजार कर रही है। बाहर आने के बाद ही उसकी पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
वन विभाग के रेंजर विकास चौधरी ने बताया कि लंगेरा गांव की पहाड़ी में अज्ञात वन्यजीव होने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वन्यजीव देखने वाले व्यक्ति से पूछताछ की। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह पैंथर है या कोई अन्य वन्यजीव। उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पत्थर नहीं हटाए जा रहे हैं। टीम लगातार निगरानी कर रही है। पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
4 Nov 2026, 9:34 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 9:34 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.