
Balotra Sarpanch Chunav: हमले के दौरान की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)
बालोतरा। जिले में गुरुवार को सरपंच पद को लेकर होने वाले मतदान से पहले मंगलवार को आधी रात खूनी संघर्ष हो गया। धोरीमन्ना थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बूल में मंगलवार देर रात चुनावी रंजिश के चलते मारपीट और हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि मतदाताओं को घर छोड़कर लौट रहे लोगों का रास्ता रोककर कुछ लोगों ने शराब पीने के लिए रुपए मांगे। इनकार करने पर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला कर दिया। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मामले में रामावास बूल निवासी कालूराम पुत्र हेमाराम विश्नोई ने बुधवार को धोरीमन्ना थाने में परिवाद पेश किया है। उसने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवाद में पूरी घटना को सरपंच चुनाव की रंजिश से जुड़ा बताया गया है।
कालूराम की ओर से दिए गए परिवाद के अनुसार, ग्राम पंचायत बूल में सरपंच पद के लिए उसकी मां लाछी देवी पत्नी हेमाराम चुनाव मैदान में हैं। मंगलवार देर रात करीब एक बजे रमेश कुमार पुत्र मंगलाराम, बाबूलाल पुत्र हेमाराम और रामनिवास पुत्र रामलाल विश्नोई अपने वाहन से चुनाव कार्यालय से मतदाताओं को उनके घर छोड़ने जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान जगदीश के खेत के पास कुछ लोग पहले से मौजूद थे। उन्होंने वाहनों को रुकवा लिया और तीनों से विवाद करने लगे। परिवाद में कहा गया है कि कुछ देर बाद कई अन्य लोग भी गाड़ियों में सवार होकर वहां पहुंच गए।
परिवाद में जगमाल पुत्र मोबताराम, रामकिशन पुत्र तुलछाराम, दिनेश पुत्र किशनाराम, भागीरथ पुत्र जग्रूपाराम, रमेश पुत्र वीराराम, रूणछाराम पुत्र मोटाराम, राजूराम पुत्र किटाराम, पाबूराम पुत्र जगदीश और मंगीलाल पुत्र माधाराम सहित चार-पांच अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया गया है। परिवादी के मुताबिक, आरोपियों के पास धारदार हथियार और लाठियां थीं। उन्होंने वाहन से नीचे उतरने को कहा और शराब पीने के लिए रुपए मांगे। रुपए देने से इनकार करने पर तीनों के साथ मारपीट की गई।
हमले के दौरान शोर सुनकर मंगीलाल, बाबूलाल और श्रवण कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर घायलों को हमलावरों से छुड़ाया। घटना में बाबूलाल, रमेश कुमार और रामनिवास गंभीर घायल हो गए।
परिवादी ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है। धोरीमन्ना थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि देर रात दो पक्षों के बीच झगड़े और मारपीट की सूचना मिली है। एक पक्ष की ओर से रिपोर्ट भी दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
4 Nov 2026, 10:42 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 10:42 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.