
राजस्थान पंचायत चुनाव के दौरान वोटिंग की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के तहत गुरुवार, 5 नवंबर को 27 जिलों की 3716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान होगा। इसके लिए बुधवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर चुनाव सामग्री और मतदान दलों की तैनाती तक की व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान के बाद गुरुवार को ही ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू होगी और देर रात तक सरपंचों के परिणाम सामने आने लगेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, तीसरे चरण में 27 जिलों की 116 पंचायत समिति क्षेत्रों में आने वाली 3716 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराया जा रहा है। इन ग्राम पंचायतों में सरपंच के साथ 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए भी मतदान होगा। चुनाव में गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से होंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही मतगणना कराई जाएगी। सरपंच और वार्ड पंच के परिणाम अलग-अलग घोषित किए जाएंगे। इसके बाद शुक्रवार, 6 नवंबर को निर्वाचित वार्ड पंचों के माध्यम से उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।
तीसरे चरण में जयपुर, बीकानेर, उदयपुर, भरतपुर, सीकर, टोंक, चूरू, दौसा, धौलपुर, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, करौली, जालोर, बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, डीडवाना-कुचामन, डीग, बालोतरा, ब्यावर, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सलूंबर जिलों की 116 पंचायत समितियों में मतदान होगा। अलग-अलग जिलों की चयनित पंचायत समितियों को इस चरण में शामिल किया गया है।
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 3 नवंबर को ही पूरा हो चुका है। अब इसी चरण की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुने जाएंगे। उधर, पंचायत चुनाव के चौथे चरण के तहत जैसलमेर जिला परिषद और 116 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चारों चरणों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।
Updated on:
4 Nov 2026, 9:45 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 9:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.