
बायतु थाना पुलिस ने सोमवार देर रात को निंबाहेड़ा थाने में दो साल से डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित 25 हजार रूपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के फरारी काटने के दौरान आवागमन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद निंबाहेड़ा पुलिस को जानकारी दी। जिस पर मंगलवार को निंबाहेड़ा पुलिस टीम ने बायतु पहुंच आरोपी को दस्तयाब कर ले गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजीतसिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय की ओर से वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रदेश स्तरीय अभियान चलाया जा रहा है। इसी विशेष अभियान के तहत जिले के सभी थानाधिकारियों को नाकाबंदी कर सख्ती से वाहनों की तलाशी लेने के साथ ही वांछित आरोपियों की सूचनाएं संकलित कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए है।
मोटरसाइकिल छोड़ भागने लगा
बायतु थानाधिकारी भंवरलाल बिश्नोई सोमवार शाम को नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक नाकाबंदी को देख मोटरसाइकिल सड़क पर छोड़ बबूल की झाडि़यों में भागने लगा। करीब एक किलोमीटर तक पुलिस टीम ने पीछा कर आरोपी को दस्तयाब कर पूछताछ की तो आरोपी ने डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित होना बताया। जिस पर पुलिस टीम ने आरोपी चितोड़गढ़ जिले के शंभुपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिंधवड़ी निवासी जगदीश को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक चितोड़गढ़ की ओर से 25 हजार रूपए का इनाम घोषित था। कार्रवाई में कांस्टेबल भगाराम, जयदेव, किशोरकुमार, मदाराम, श्यामलाल व कांस्टेबल अशोक कुमार की विशेष भूमिका रही।