
Balotra Road Accident : मोर्चरी में बैठे परिजन। फोटो पत्रिका
Balotra Road Accident : बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में बालोतरा-जालोर स्टेट हाईवे पर रतनपुरा गांव के पास शुक्रवार दोपहर को दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक कार में सवार सास-बहू की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच लोग गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी कार में सवार लोग वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार धोरीमन्ना के मीठड़ा खुर्द निवासी भावना (25 वर्ष) पत्नी तेजाराम और अमरूदेवी (40 वर्ष) पत्नी हुकमाराम परिवार के सात सदस्यों के साथ नागौर के खरनाल स्थित तेजाजी महाराज मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
दोपहर करीब एक बजे रतनपुरा गांव के पास सामने से आ रही कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवे पर मौजूद लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहनों से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को निजी वाहन से बाड़मेर के अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने अमरूदेवी और भावना को मृत घोषित कर दिया। पांच अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
गुड़ामालानी थाने के एएसआइ लूणाराम ने बताया कि दोनों शवों को बाड़मेर अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को हाईवे से हटवाकर कब्जे में ले लिया है। दूसरी कार सवारों की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Updated on:
11 Sept 2026 10:40 pm
Published on:
11 Sept 2026 10:39 pm
