
बाड़मेर. केंद्रीय विद्यालय वायुसेना उत्तरलाई का वार्षिकोत्सव 'उड़ान' 2019 का आयोजन शुक्रवार शाम को सम्पन्न हुआ। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि एयर कोमोडोर एस. श्रीनिवास वीएसएम ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम करने व मूल्यवान शिक्षा के लिए प्रेरित किया। अफवा अध्यक्ष सुनीता श्रीनिवास विशिष्ट अतिथि थी।
विद्यालय के प्राचार्य महिपाल सिंह ने वर्ष भर के शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक, खेल आदि क्रियाकलापों व उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पारितोषिक प्रदान किए।
नाटक की प्रस्तुति
कार्यक्रम में पंजाबी, गरबा, राजस्थानी, कथक शैली आधारित गायन व नृत्य प्रस्तुत किए गए। राजस्थानी चिरमी, भांगड़ा आदि ने मन मोहा।
हिन्दी नाटक में अन्धविश्वास पर प्रहार व आंग्ल नाटक में मां के लिए प्यार देखने को मिला। अंत में वरिष्ठ शिक्षक अजय अग्रवाल ने आभार जताया।
और इधर....
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुति
- केवी जालीपा का वार्षिकोत्सव
बाड़मेर. केंद्रीय विद्यालय जालीपा छावनी में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव क्रीड़ा वीर का आयोजन हुआ। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत के साथ मेजर ध्यानचंद नाटिका प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश नृत्य, मणिपुरी नृत्य व चक दे इंडिया गीत ने तालियां बटोरी।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष भर की गतिविधियों में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर डीएस बजाज को भारत स्काउट एवं गाइड की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
विद्यालय प्राचार्य मनोज कुमार ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर बजाज ने जीवन में सफ लता के पांच सूत्र अनुशासन, कठोर परिश्रम, सतत् प्रयास, जिज्ञासा और बड़ों का सम्मान की बात कही। शिक्षिका सुमन कुमारी ने आभार जताया।