बाड़मेर

युवती बन फंसाया, फेसबुक पर दोस्ती, कर्नाटक से धोरीमन्ना बुलाकर लूटा

- धोरीमन्ना थाना में डेढ़ माह पहले दर्ज हुए मामले में खुलासा- फेसबुक की फर्जी आईडी बनाई, 5 लाख रुपए फिरौती के वसूले-मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक सहयोगी दस्तयाब  
2 min read
Jul 18, 2018
Dhorimnna police barmer
Dhorimnna police barmer

बाड़मेर. फेसबुक पर युवती के नाम से फर्जी आईडी बनाकर दोस्ती कर मिलने बुलाने और फिर लूट व 5 लाख रुपए की फिरौती वसूलने के मामले में धोरीमन्ना थाना पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।


पुलिस उप अधीक्षक रामनिवास सुण्डा ने बताया कि बलारी कर्नाटक में व्यापार कर रहे बालोतरा निवासी वसंतराम पुत्र मांगीलाल जैन को करीब डेढ़ माह पूर्व फेसबुक व वाट्सअप पर दोस्ती कर 7 जुलाई को धोरीमन्ना मिलने बुलाया। धोरीमन्ना पहुंचने पर उसका अज्ञात आठ-दस जनों ने अपहरण कर गाड़ी में डाल सुनसान जगह पर ले गए। जहां बंधक बनाकर उसके साथ जमकर मारपीट करते हुए 13 हजार रुपए व मोबाइल लूट लिए। फिर आरोपियों ने फिरौती के रूप में 5 लाख रुपए मांगे।

पीडि़त ने अपने रिश्तेदार से सम्पर्क कर 5 लाख रुपए दिलाए। इसके बाद दूसरे दिन उसे छोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल करते हुए मुख्य आरोपी मांगीलाल पुत्र सुरजनराम निवासी जालबेरी को दस्तयाब किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमाण्ड पर भेज दिया। वारदात में शामिल एक और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। उससे भी पूछताछ की जा रही है।

युवती के नाम फर्जी आईडी, फिर दोस्ती
मुख्य आरोपी मांगीलाल ने पूजा नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर युवक से डेढ़ माह पहले दोस्ती कर ली। फिर उसके मोबाइल पर कॉल किए। उसके बाद वाट्सएप चैट के साथ फोन पर बातें करना शुरू किया। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को लूटने की योजना बनाई। आरोपी ने वाट्सएप संदेश भेजकर धोरीमन्ना मिलने बुलाया। युवक धोरीमन्ना पहुंच गया। यहां मुख्य आरोपी ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

Published on:
18 Jul 2018 08:57 am