4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Barmer : निकाय चुनाव में ‘सेब’ के दीवाने क्यों हुए निर्दलीय? ड्राॅ से निकाला समाधान, 24 को मिला यह चुनाव चिह्न

Barmer : बाड़मेर नगर निकाय चुनाव में इस बार ‘सेब’ चुनाव चिह्न सबसे ज्यादा डिमांड में है। पहली पसंद समान होने पर ड्राॅ निकाला गया। 24 निर्दलीयों को सेब चुनाव चिह्न मिला। पर सवाल यह है कि आखिर ‘सेब’ सिम्बल के निर्दलीय क्यों दीवाने हुए।
2 min read
Google source verification
barmer nikay elections independents crazy apples 24 got election symbol

Barmer : फाइल फोटो पत्रिका

Barmer : बाड़मेर नगर निकाय चुनाव में इस बार ‘सेब’ चुनाव चिह्न सबसे ज्यादा डिमांड में है। निर्दलीय प्रत्याशियों की पहली पसंद सेब रही और चुनाव चिह्न आवंटन के दौरान 24 निर्दलीयों को सेब का सिंबल मिला। वहीं, कई प्रत्याशियों को बांसुरी, अलमारी, स्कूल का बस्ता, आरी और बाल्टी सहित अन्य चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। सात वार्डों में सेब चुनाव चिह्न के लिए एक से अधिक दावेदार होने पर निर्वाचन विभाग को लॉटरी निकालनी पड़ी।

नगर परिषद चुनाव के लिए गुरुवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 55 वार्डों में 179 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। इनमें भाजपा और कांग्रेस के 55-55, आरएलपी के 18, निर्दलीय 50 और बीएसपी का एक प्रत्याशी शामिल है। शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए।

भाटी के बाद फिर चर्चा में आया ‘सेब’

बाड़मेर नगर निकाय चुनाव में सेब चुनाव चिह्न की डिमांड की वजह भी चर्चा में है। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सेब चुनाव चिह्न पर लड़ा था। दोनों चुनावों में सेब सिंबल उनके साथ जुड़ा रहा। इसके बाद सोशल मीडिया और लोगों के बीच सेब चुनाव चिह्न चर्चा का विषय बना। अब दो साल बाद चुनावी मैदान में फिर से सेब सिंबल की डिमांड ने इसे चर्चा में ला दिया है।

सात वार्डों में पहली पसंद बनी सेब

निर्दलीय प्रत्याशियों से चुनाव चिह्न के लिए तीन-तीन पसंद मांगी गई थी। चुनाव चिह्न आवंटन के दौरान सात वार्ड ऐसे सामने आए, जहां एक से अधिक निर्दलीय प्रत्याशियों ने पहली पसंद के तौर पर सेब चुनाव चिह्न मांगा। पहली पसंद समान होने पर निर्वाचन विभाग ने लॉटरी के जरिए एक प्रत्याशी को सेब चुनाव चिह्न आवंटित किया। अन्य प्रत्याशियों को उनकी दूसरी पसंद के आधार पर चुनाव चिह्न दिए गए।

पांच दिन बाद 9 को मतदान

नगर परिषद बाड़मेर में 9 सितंबर को प्रथम चरण में मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। दूसरे चरण में चौहटन नगर पालिका में 11 सितंबर को मतदान होगा। 14 सितंबर को मतगणना होगी। इसके बाद सभापति चुनाव के लिए 15 सितंबर को लोक सूचना जारी होगी।

तीन-तीन चॉइस मांगी, सात वार्डों में लॉटरी

नाम वापसी के अंतिम दिन 56 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। इसके बाद 55 वार्डों में 179 प्रत्याशी बचे हैं। सभी को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं। सात वार्डों में पहली पसंद समान होने पर लॉटरी से चुनाव चिह्न आवंटित किए गए।
भवानीसिंह, उपखंड अधिकारी, बाड़मेर

बड़ी खबरें

View All

बाड़मेर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग