बाड़मेर

अब भागदौड़ की जरूरत नहीं, बिना रिप्लेसमेंट ब्लड बैंक से मिल रहा मरीजों को रक्त

-पत्रिका के अभियान के बाद खत्म हो गई बैंक में खून की कमी-बैंक में रक्त की उपलब्धता बढ़ी, संस्थाओं का मिल रहा सहयोग-जरूरतमंदों को बिना रिप्लेसमेंट के उपलब्ध करवाया जा रहा खून-पहले बिना रिप्लेसमेंट नहीं मिलता था मरीजों को रक्त

2 min read
बिना रिप्लेसमेंट मिल रहा ब्लड बैंक से रक्त, मरीजों को बड़ी राहत

बाड़मेर. स्वैच्छिक रक्तदाताओं के लगातार सहयोग से बाड़मेर के राजकीय अस्पताल की ब्लड बैंक को रक्त बड़ी मात्रा में उपलब्ध हो रहा है। इसका फायदा यह हो रहा है कि मरीजों को अब रिप्लेसमेंट देने की जरूरत नहीं रही है। बैंक से बिना रिप्लसेमेंट भी जरूरतमंद मरीजों को रक्त मिल रहा है। इससे मरीजों के साथ उनके परिजनों की परेशानी खत्म हो गई है।
ब्लड बैंक में पूर्व में जरूरत होने पर खून के बदल में रिप्लेसमेंट देना पड़ता था। जिसके कारण मरीजों को पहले रक्तदाता ढूंढना पड़ता था। इसके कारण दूर-दूराज से ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को दिक्कत होती थी। परिजन कई बार निराश हो जाते थे कि रक्तदाता नहीं मिला तो खून कहां से लाएंगे। यह स्थिति परिजनों के साथ मरीजों के जीवन पर भी भारी पड़ती थी।
अब उपलब्धता का बना हुआ है सिलसिला
अस्पताल में रक्त की कमी को लेकर पत्रिका के समाचार अभियान के बाद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित हुए। इसके चलते ब्लड बैंक में स्थिति यह हो गई कि क्षमता से अधिक रक्त उपलब्ध हो गया। इसके बाद भी बैंक से खपत के बाद भी लगातार शिविरों के चलते ब्लड की उपलब्धता लगातार बनी हुई है। जिसके चलते बैंक अब काफी दिनों से जरूरतमंद मरीजों को बिना रिप्लसेमेंट के ही रक्त उपलब्ध करवा रहा है।
स्वैच्छिक रक्तदाताओं का मिला बड़ा सहयोग
ब्लड बैंक में खून की कमी के पत्रिका में समाचार प्रकाशित होने के बाद सिलसिलेवार शिविरों को आयोजन किया जा रहा है। रक्तदाता बढ़-चढ़कर आगे आ रहे हैं। कई शिविरों में तो यह स्थिति बन रही है रक्तदाताओं को अगली बार उनसे रक्तदान करने के लिए कहा जा रहा है। क्योंकि बैंक की कैपिसिटी ओवर हो रही है। ब्लड बैंक में रखने की जगह नहीं है। इसके चलते जिले में जहां पर ब्लड स्टोरेज सेंटर बने हुए हैं, वहां पर डिमांड होते ही तुरंत भेजा जा रहा है।
बाड़मेर से सिरोही को भेजा रक्त
ब्लड बैंक को संस्थाओं की ओर से आयोजित होने वाले शिविरों से नियमित रूप से बड़ी मात्रा में ब्लड उपलब्ध हो रहा है। इसके कारण मरीजों को बिना रिप्लेसमेंट रक्त उपलब्ध करवा रहे हैं। संस्थाओं और स्वैच्छिक रक्तदाताओं का बड़ा सहयोग मिल रहा है। बाड़मेर में रक्त की उपलब्धता क्षमता से अधिक होने पर हमने सिरोही ब्लड बैंक को यहां से रक्त भेजा।
-डॉ. रविन्द्र कुमार, ब्लड बैंक, राजकीय जिला अस्पताल, बाड़मेर

Published on:
29 Aug 2021 08:42 pm
Also Read
View All