17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बालोतरा में सभापति चुनाव में बड़ा ट्विस्ट, भाजपा से बागी पार्षद नैनाराम सुन्देशा का यू-टर्न, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोकी गाड़ी

Balotra Nagar Parishad Chairperson Election : बालोतरा नगर परिषद सभापति पद की कुर्सी के लिए चल रही उठापटक ने रोमांच पैदा कर दिया है। भाजपा से बागी होकर निर्दलीय नामांकन दाखिल करने वाले नैनाराम सुन्देशा आज अपना नाम वापस लेने एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस पर माहौल गरमा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया।
2 min read
Google source verification
balotra chairperson election twist bjp councilor nainaram sundesha u turn

Balotra : फाइल फोटो पत्रिका

Balotra Nagar Parishad Chairperson Election : बालोतरा नगर परिषद सभापति चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। नगर परिषद के सभापति पद की कुर्सी के लिए बुधवार को पर्चे भरने के साथ ही सियासी तस्वीर में कई रंग उभर आए थे। भाजपा के अपने ही पार्षद नैनाराम सुन्देशा ने निर्दलीय ताल ठोक दी तो उसके नामांकन में कांग्रेस पार्षद प्रस्तावक बन गए। गुरुवार को उस समय रोमांच पैदा हो गया जब अचानक नैनाराम सुन्देशा अपना नाम वापस लेने एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया। इससे मौके पर माहौल गरमा गया। पुलिस प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर कार्यकर्ताओं को हटाया और गाड़ी को सुरक्षित एसडीएम दफ़्तर तक पहुंचाया। नामांकन वापसी के इस बड़े घटनाक्रम के बाद अब बालोतरा के सभापति चुनाव का समीकरण किस तरफ मुड़ेगा, इस पर सभी की नजरें टिक गईं हैं। नैनाराम ने भाजपा के टिकट पर वार्ड 29 से चुनाव जीता है।

नगर परिषद के सभापति पद की कुर्सी के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभापति पद के लिए कुल 4 नामांकन सामने आए हैं। जबकि बालोतरा नगर परिषद सहित छह निकायों में भाजपा को बहुमत मिला है। इसके बावजूद नामांकन से सियासी रोमांच बढ़ गया है।

भाजपा में बगावत का पर्चा

उपखंड कार्यालय में बुधवार सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन हुए। भाजपा ने योगेश कुमार को प्रत्याशी बनाया। वे पहली बार पार्षद निर्वाचित होकर नगर परिषद पहुंचे हैं। वहीं भाजपा पार्षद नैनाराम सुंदेशा ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया। सुंदेशा पूर्व में चार बार पार्षद रह चुके हैं और पांचवीं बार निर्वाचित हुए हैं। उनके नामांकन में कांग्रेस पार्षद रामेश्वर प्रजापत प्रस्तावक बने। नामांकन के दौरान नेनाराम उपस्थित नहीं हुए। योगेश के नामांकन के दौरान पार्षद कांतिलाल जैन व भवानीसिंह सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।

कांग्रेस में भी दोहरा दांव

कांग्रेस से अंकिता किशन गहलोत माली और मुकेश प्रजापत ने नामांकन दाखिल किया। मुकेश ने कांग्रेस प्रत्याशी के साथ निर्दलीय के रूप में भी पर्चा भरा। दोनों पहली बार पार्षद निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान पूर्व विधायक मदन प्रजापत, जिलाध्यक्ष प्रियंका मेघवाल सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस तरह भाजपा से योगेश कुमार, निर्दलीय नेनाराम सुंदेशा, कांग्रेस से अंकिता व मुकेश तथा निर्दलीय मुकेश के नामांकन से कुल 5 पर्चे दाखिल हुए।

जसोल में भी भाजपा के दो दावेदार

जसोल नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 4 नामांकन हुए। कांग्रेस से ममता, भाजपा से निर्मला व निकिता जांगिड़ तथा निर्दलीय रिंकु देवी ने पर्चा भरा। भाजपा के 2 दावेदारों के मैदान में आने से यहां भी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी और नाम वापसी को लेकर खींचतान सामने आई है। अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ होगी।