18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बाड़मेर: निर्दलीय पार्षद इसाराम दहिया ने नामांकन वापस लिया, BJP के रूप सिंह राठौड़ का अध्यक्ष बनना तय

बाड़मेर और चौहटन में सियासी समीकरण बदल गए हैं। बाड़मेर के पांच और चौहटन के नौ निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा को समर्थन दिया है। चौहटन में रूप सिंह राठौड़ को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया है।
3 min read
Google source verification
independent councillors join BJP

चौहटन. विधायक आदूराम मेघवाल के आवास पर भाजपा को समर्थन देने पहुंचे निर्दलीय पार्षद (Photo-Patrika)

बाड़मेर: राजनीति में ‘दुश्मनी और दोस्ती’ की परिभाषा शायद मौसम से भी ज्यादा तेजी से बदलती है। चुनाव से ठीक पहले जो बाड़मेर और चौहटन की गलियों में एक-दूसरे के सामने खड़े थे, एक-दूसरे को धूल चटाने की बात कर रहे थे और जनता के बीच ताल ठोक रहे थे, वही निर्दलीय धुरंधर अब चुनावी नतीजे आते ही पाला बदल बैठे हैं। बाड़मेर में पांच और चौहटन में नौ निर्दलीय पार्षदों ने जिस फुर्ती से भाजपा का दामन थामा है, सियासत के इस रंग को देखकर यही कहा जा सकता है, यहां न कोई स्थायी बैरी है, न कोई यार, सत्ता की मलाई के आगे सब रिश्ते लाचार।

चौहटन : रूप सिंह राठौड़ निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

नगर निकाय चुनाव 2026 में चौहटन नगर पालिका में भाजपा के 11 और 9 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुए थे। भाजपा ने वार्ड नंबर 18 से निर्वाचित पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट रूप सिंह राठौड़ को अध्यक्ष पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार बनाया था। वहीं, वार्ड नंबर 8 से निर्वाचित निर्दलीय पार्षद इसाराम दहिया ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था।

चुनाव से पहले निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी रूप सिंह राठौड़ को समर्थन देने का एलान किया था। इसके बाद इसाराम दहिया ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन वापस ले लिया। नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद के लिए रूप सिंह राठौड़ का ही एकमात्र नामांकन बचा, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

9 निर्दलीय पार्षद भाजपा में शामिल

रूप सिंह राठौड़ को समर्थन देने के साथ ही चौहटन के 9 निर्दलीय नवनिर्वाचित पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। इनमें वार्ड नंबर 1 से मदन सिंह राजपुरोहित, वार्ड नंबर 3 से प्रहलादराम गवारिया, वार्ड नंबर 4 से हेमाराम फुलवारिया, वार्ड नंबर 5 से गुलाब सिंह, वार्ड नंबर 6 से आशिया देवी, वार्ड नंबर 7 से गीता देवी, वार्ड नंबर 8 से इसाराम दहिया, वार्ड नंबर 11 से भाविका जैन और वार्ड नंबर 13 से मनीषा धारीवाल शामिल हैं। इनमें से पांच पार्षदों ने विधायक आदूराम मेघवाल के आवास पर पहुंचकर, जबकि चार ने चौहटन में एडवोकेट रूप सिंह राठौड़ के आवास पर पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी को समर्थन दिया था।

बाड़मेर में भाजपा के गंगाविशन व सिंघवी ने नामांकन लिया वापस

बाड़मेर में नगर परिषद सभापति पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की गुरुवार को जांच के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई। नामांकन जांच में छह में से पांच पर्चे सही पाए गए। भाजपा से दाखिल तीन नामांकन में से गंगाविशन अग्रवाल और सुनील सिंघवी के पर्चे निर्दलीय में परिवर्तित हो गए। वहीं कांग्रेस की ओर से दाखिल मधुलता के एक नामांकन को निरस्त कर दिया गया, जबकि उनका निर्दलीय नामांकन वैध रहा।

शाम होते-होते गंगाविशन अग्रवाल और सुनील सिंघवी ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद अब सभापति पद के लिए भाजपा से गौतम बॉबी, कांग्रेस से जयमल सिंह और निर्दलीय मधुलता चुनाव मैदान में हैं। नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन शुक्रवार है।

भाजपा से तीन और कांग्रेस से दो पार्षदों ने भरे थे पर्चे

सभापति पद के लिए भाजपा से वार्ड 15 के गौतम सिंघवी (बॉबी), वार्ड 31 के गंगाविशन अग्रवाल और वार्ड 27 के सुनील सिंघवी ने नामांकन दाखिल किया था। कांग्रेस से वार्ड 32 के जयमलसिंह और वार्ड 12 की मधुलता ने पर्चा भरा। मधुलता ने कांग्रेस के साथ निर्दलीय नामांकन भी दाखिल किया था। नामांकन जांच के दौरान छह में से पांच पर्चे वैध पाए गए। इसके बाद गंगाविशन अग्रवाल और सुनील सिंघवी ने नामांकन वापस ले लिए। अब मुकाबला भाजपा के गौतम बॉबी, कांग्रेस के जयमलसिंह और निर्दलीय मधुलता के बीच है।

भाजपा के पास 29 पार्षद, 5 निर्दलीय भी

बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में भाजपा के 29 और कांग्रेस के 21 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। पांच निर्दलीय पार्षद सुरतान सिंह, पोकर सिंह, महेश सोनी, सुरेश सोनी, सायर कंवर भी चुनाव जीते हैं। भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद पांचों निर्दलीय पार्षदों के भाजपा खेमे में आने की बात सामने आई है। ऐसे में भाजपा के पास बहुमत से अधिक पार्षदों का समर्थन होने से बोर्ड गठन की स्थिति लगभग स्पष्ट मानी जा रही है। अब सभापति पद के चुनाव पर सभी की नजरें हैं।