-कोरोना से स्वस्थ हो चुके लोगों का लिया जाएगा प्लाज्मा-बाड़मेर के लोग जोधपुर में कर सकेंगे प्लाज्मा डोनेट-जोधपुर आने-जाने का प्रबंध अस्पताल प्रबंधन करेगा
बाड़मेर. अब बाड़मेर में गंभीर कोरोना मरीजों के जीवन को बचाने के लिए प्लाज्मा थैरेपी को लेकर तैयारी की जा रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार को बैठक में प्लाज्मा से कोरोना के गंभीर मरीजों के उपचार को लेकर चर्चा करते हुए प्लाज्मा उपलब्ध हो इसके बारे में विचार विमर्श किया।
मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल आरके आसेरी व पीएमओ बीएल मंसुरिया ने कोरोना प्लाज्मा थैरेपी की बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना से ठीक हुए लोगों के प्लाज्मा से गम्भीर कोरोना मरीजों का इलाज किया जाएगा। प्लाज़्मा लेने से पहले उनकी जांच की जाएगी और जिस प्रकार से रक्तदान किया जाता है ठीक वैसी ही प्रक्रिया प्लाज्मा डोनेट में अपनाई जाती है।
जोधपुर में होगा प्लाज्मा डोनेट
बाड़मेर में प्लाज्मा डोनेट की सुविधा नहीं होने के कारण कोरोना से स्वस्थ हुए मरीजों को जोधपुर ले जाएगा। वहां पर अस्पताल में प्लाज्मा डोनेट करवाया जाएगा। डोनेशन के लिए स्वस्थ हुए व्यक्तियों को जोधपुर ले जाने और वापस लाने की व्यवस्था बाड़मेर अस्पताल प्रबंधन करेगा।
अधिकारियों ने की अपील
चिकित्सा अधिकारियों ने अपील की है कि कोरोना से जो लोग जंग जीत चुके हैं वे गंभीर मरीजों के उपचार में प्लाज्मा डोनेट कर मददगार बनें। स्वस्थ हो चुके लोगों के प्लाज्मा से कोरोना संक्रमितों को नया जीवन मिल सकेगा। इसलिए नेक कार्य में आगे आएं। जो वास्तव में कोरोना वॉरियर्स का कार्य होगा।
कई जिले पहले ही अपना चुके है प्लाज्मा थैरेपी
कोरोना के गंभीर मरीजों के जीवन को बचाने के लिए कई जिलों में पहले ही प्लाज्मा थैरपी अपनाई जा रही है। अब बाड़मेर में भी इसके लिए पूरी तैयारी की जा चुकी है। जल्द ही यहां पर भी गंभीर मरीजों को स्वस्थ हो चुके लोगों के प्लाज्मा से उपचार किया जाएगा।