-जिले में 3 लोगों की कोरोना से मौत-संक्रमितों के आंकड़े में उतार-चढ़ाव बढ़ा रहा चिंता
बाड़मेर. जिले में संक्रमितों के आंकड़ा कभी ज्यादा कभी कम आने से चिंता बढ़ती जा रही है। रिपोर्ट में पॉजिटिव कम आने पर राहत मिलती है, लेकिन दूसरे दिन फिर ज्यादा पॉजिटिव आने पर विभाग के अधिकारी की परेशानी बढ़ती जा रही है। बाड़मेर जिले में शुक्रवार को फिर आंकड़ा एक बार नीचे आ गया और 199 संक्रमित सामने आए। लेकिन संक्रमण की दर कम नहीं हो रही है। दस फीसदी के आसपास बनी रहने से नियंत्रण के उपायों को और सख्त करने की जरूरत महसूस की जा रही है।
संक्रमितों के एक्टिव केस का आंकड़ा 2000 के भीतर आया है। शुक्रवार को कुल 1818 एक्टिव केस रह गए। जिनमें से 951 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं शेष अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर में भर्ती चल रहे हैं। वहीं 397 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
कहां कितने मरीज भर्ती
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी एल बिश्नोई ने बताया कि शुक्रवार को 495 मरीज राजकीय अस्पताल बाड़मेर, 41 राजकीय अस्पताल बालोतरा, 35 निजी अस्पतालों में भर्ती थे। वहीं 108 मरीज एमबीसी कॉलेज बाड़मेर, 50 बायतु, 16 सिवाना, 23 सिणधरी, 14 धोरीमन्ना, 17 गुड़ामालानी, 10 गिड़ा, 3 चौहटन, 2 जसोल, 6 पाटौदी, 7 सेड़वा, 3 पचपदरा, 2 कल्याणपुर, 3 बिशाला, 1 रामसर, 4 समदड़ी, 7 गडरारोड़, 6 भिंयाड, 7 सांभरा, 4 कवास, 2 शिव, 1 मरीज देतानी के कोविड केयर सेंटर में भर्ती है। एचआरसीटी जांच में स्कोर वाले 319 संदिग्ध कोविड मरीज राजकीय अस्पताल बाड़मेर एवं 25 बालोतरा में भर्ती चल रहे हैं।
जिले में कुल हो गए 14 हजार के पार
अप्रेल 2020 से अब तक 14770 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं और 221 लोगों की मौत हुई है। कोविड मरीज और परिजन किसी भी तरह की जरूरत पर जिला वॉर रूम दूरभाष नंबर 02982-230008 पर संपर्क कर सकते हैं।