
बाड़मेर। कोरोना टीकाकरण महाअभियान के अंतर्गत बाड़मेर जिले में मंगलवार का दिन मंगलमय रहा। इस दिन 38 हजार टीके लगाकर जिले में एक दिन का अधिकतम टीकाकरण रेकार्ड बना।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि जिले को सोमवार को 38 हजार वैक्सीन का आवंटन हुआ था, सभी 38 हजार टीके मंगलवार को लगा दिए गए हैं, जो एक दिन का अधिकतम रेकार्ड है। कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए जिले में तीव्र गति से टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। नगरीय क्षेत्रों में वार्डवाइज व ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत मुख्यालय पर टीकाकरण शिविर आयोजित हो रहे हैं।
आज कई साइटें रहेगी बंद
उन्होंने बताया कि टीकों की कमी के चलते बुधवार को कई स्थानों पर वैक्सीनेशन साइटें बंद करनी पड़ेगी। कोरोना की तीसरी लहर की रोकथाम का एकमात्र उपाय अधिकतम आबादी का वैक्सीनेशन है। यह तभी संभव है जब जिले को पर्याप्त मात्रा में टीके उपलब्ध हो सके।
शहर के वार्ड में टीकाकरण का उत्साह
बाड़मेर शहर के वार्ड में लग रहे टीके में युवाओं का उत्साह जबरदस्त है। युवा वर्ग यहां सुबह से ही कतारों में लगे नजर आते हैं। अब टीकाकरण को लेकर नवाचार भी किए जा रहे हैं। टीके को पर्यावरण से जोड़ा गया है। टीका लगवाने के बाद लाभार्थी को एक पौधा दिया जा रहा है। जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित हो रहा है।