
Barmer UP Pradhan Election Result 2026: बाड़मेर: पंचायती राज चुनाव में प्रधानों के निर्वाचन के बाद अब उप प्रधानों के चुनाव ने ग्रामीण राजनीति की तस्वीर और साफ कर दी है। जिले की 17 पंचायत समितियों में उप प्रधानों के निर्वाचन के साथ ही ग्रामीण सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी हो गई। प्रधान चुनाव में बने राजनीतिक समीकरण उप प्रधान के चुनाव तक आते-आते कई जगह बदले हुए नजर आए। कहीं प्रधान और उप प्रधान, दोनों पदों पर एक ही दल ने कब्जा जमाया तो कहीं उप प्रधान के चुनाव में अलग दल ने बाजी मारकर राजनीतिक ताकत का एहसास कराया।
खास बात यह रही कि छह पंचायत समितियों में उप प्रधान निर्विरोध चुने गए, जबकि शेष जगहों पर मुकाबला हुआ। उप प्रधान के चुनाव में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा आठ सीटों पर जीत दर्ज की। आरएलपी ने पाँच और भाजपा ने दो सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं, दो पंचायत समितियों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने उप प्रधान का पद हासिल किया। चुनाव परिणामों ने यह भी जाहिर किया कि पंचायत समितियों में केवल प्रधान के निर्वाचन से राजनीतिक बहुमत की पूरी तस्वीर साफ नहीं होती। उप प्रधान के चुनाव में सदस्यों की रणनीति और स्थानीय समीकरण भी अहम रहे।
| दल | सीटें |
|---|---|
| कांग्रेस | 8 |
| आरएलपी | 5 |
| भाजपा | 2 |
| निर्दलीय | 2 |
छह पंचायत समितियों में उप प्रधान का निर्वाचन निर्विरोध हुआ। इनमें आडेल में निर्दलीय जेठीदेवी, गडरारोड़ में कांग्रेस की पूजाकंवर, शिव में कांग्रेस की मीराकंवर, बाटाडू में आरएलपी की लूणीदेवी, डूगेरों का तला में आरएलपी के सत्ताराम और भिंयाड़ में कांग्रेस की स्वरूप निर्विरोध चुने गए।
बाड़मेर पंचायत समिति में कांग्रेस की मंजूदेवी ने भाजपा की रीनाकंवर को पांच वोट से हराया। मंजूदेवी को 12 और रीनाकंवर को सात वोट मिले। बायतु में भाजपा की मूलीदेवी ने कांग्रेस के बुधाराम को तीन वोट से पराजित किया। मूलीदेवी को नौ, जबकि बुधाराम को छह वोट मिले। मांगता में आरएलपी की आसीदेवी ने भाजपा के भभूताराम को तीन वोट से हराया।
सेड़वा में निर्दलीय सागरदेवी ने आरएलपी के सामाराम को एक वोट से शिकस्त दी। लीलसर में कांग्रेस की अचली ने भी एक वोट से जीत दर्ज की। उन्हें आठ और आरएलपी की धोली को सात वोट मिले। यहाँ भाजपा के समर्थन से आरएलपी का प्रधान बना था, जबकि उप प्रधान के चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मार ली। वहीं, चौहटन में भी कांग्रेस की रुखी ने आरएलपी की कमला को पाँच वोट से हराया। रुखी को 10 और कमला को पाँच वोट मिले।
फागलिया में भाजपा की मीनाकंवर विजयी हुईं। उन्हें आठ वोट मिले, जबकि आरएलपी की कानुकुमारी को एक वोट मिला। यहां पांच सदस्यों ने मतदान नहीं किया।
| पंचायत समिति | विजेता | दल |
|---|---|---|
| गडरारोड़ | पूजाकंवर | कांग्रेस |
| शिव | मीराकंवर | कांग्रेस |
| भिंयाड़ | स्वरूप | कांग्रेस |
| चौहटन | रुखी | कांग्रेस |
| बाड़मेर | मंजूदेवी | कांग्रेस |
| लीलसर | अचली | कांग्रेस |
| धनाऊ | बबू | कांग्रेस |
| रामसर | मनोहरकंवर | कांग्रेस |
| बाटाडू | लूणीदेवी | आरएलपी |
| डूगेरों का तला | सत्ताराम | आरएलपी |
| मांगता | आसीदेवी | आरएलपी |
| बाड़मेर ग्रामीण | इकबाल खां | आरएलपी |
| बिशाला | खेताराम | आरएलपी |
| बायतु | मूलीदेवी | भाजपा |
| फागलिया | मीनाकंवर | भाजपा |
| आडेल | जेठीदेवी | निर्दलीय |
| सेड़वा | सागरदेवी | निर्दलीय |
धनाऊ में कांग्रेस की बबू ने भाजपा की प्रकाश को तीन वोट से हराया। बबू को 10 और प्रकाश को सात वोट मिले। बाड़मेर ग्रामीण में आरएलपी के इकबाल खां ने कांग्रेस की कलु को एक वोट से पराजित किया। इकबाल खां को आठ और कलु को सात वोट मिले। रामसर में कांग्रेस की मनोहरकंवर ने निर्दलीय तारा को सात वोट से हराया। मनोहरकंवर को 12 और तारा को पाँच वोट मिले। बिशाला में आरएलपी के खेताराम विजयी रहे। उन्हें आठ वोट मिले, जबकि भाजपा के नारायणसिंह को दो और कांग्रेस के मदनदान को पाँच वोट मिले। यहाँ कांग्रेस का प्रधान बना था।
प्रधान और उप प्रधान के चुनाव परिणामों को देखें तो कई पंचायत समितियों में राजनीतिक दलों को दोनों पदों पर अपनी ताकत दिखाने का मौका मिला। वहीं, कुछ जगहों पर अलग-अलग दलों के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बना दिए। लीलसर और बिशाला इसके उदाहरण रहे।