बाड़मेर

बाड़मेर से बीजेपी—कांग्रेस के प्रत्याशी भगवान की शरण में, शुरूआती रुझान में कैलाश चौधरी को मिल रही बढ़त

बाड़मेर से बीजेपी प्रत्याशी कैलाश चौधरी ने मां के मंदिर में लगाई धोक, तो कांग्रेस के मानवेन्द्रसिंह ने की नियमित पूजा
2 min read
May 23, 2019
barmer loksabha election result live: candidates worshiping
barmer loksabha election result live: candidates worshiping

बाड़मेर। लोकसभा चुनावों ( loksabha election 2019 result live ) के नतीजों को लेकर दोनों मुख्य प्रत्याशियों के लिए सबसे बेचैनी का दिन है। भाजपा के प्रत्याशी कैलाश चौधरी गुरुवार को सुबह बालोतरा में अपने निवास से रवाना होकर जाणियाणा अपने पैतृक गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मां के मंदिर में पूजा की। कैलाश ने बताया कि मेरी मां का यहां मंदिर बनाया हुआ है। मैं उनसे आशीष लेने आया हूं। यहां से बालोतरा जाऊंगा और वहां से बाड़मेर आएंगे। उन्होंने कहा कि नतीजों को लेकर उत्साह आम आदमी में है तो जाहिर है प्रत्याशी में भी होगा। जीत कितनी बड़ी होगी और कितने मतों से होगी यह जानकारी तो पल पल लेंगे। इसके अलावा देश की हर सीट को लेकर भी उत्साह बना हुआ है। बता दें कि डाक मत पत्रों के शुरूआती रुझानों में बीजेपी के कैलाश चौधरी आगे चल रहे हैं।


कांग्रेस प्रत्याशी मानवेन्द्रसिंह अपने निवास पर ही है। उन्होंने नियमित दिनचर्या प्रारंभ की है। मानवेन्द्र अपनी सुबह की पूजा में बैठे हैं। करीब डेढ़ घंटे की यह पूजा रहेगी। मानवेन्द्र की पत्नी चित्रासिंह ने बताया कि नतीजों को लेकर उत्साह बना हुआ है। दिनचर्या में कोई विशेष फर्क नहीं है। परिणाम को लेकर पल-पल की जानकारी की उत्सुकता है। इसके लिए कॉलेज परिसर से लगातार संपर्क में हैं। देश के नतीजों को लेकर भी उत्सुकता है। मानवेन्द्रसिंह अपनी नियमित पूजा को कभी भी नहीं छोड़ते हैं। इसलिए वे अपनी पूजा में बैठ गए हैं।

लोकसभा चुनाव के मतगणना की शुरूआत हो चुकी है। सुबह 7.30 बजे स्ट्रांग रूम के दरवाजे खोल दिए गए है और मशीनों को विधानसभावार टेबल पर ले जाया गया है। 154 टेबल पर 8 विधानसभाओं की ईवीएम और डाक मत पत्र के लिए टेबलों पर काम प्रारंभ किया गया है।

Lok Sabha Election Result Live गुरुवार सुबह 6 बजे से ही मतगणना के लिए कर्मचारियों और प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों का पहुंचना शुरू हो गया। सात बजे तक अधिकांश कर्मचारी, अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने प्रवेश कर लिया। 7.30 पर तय समय पर जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता, पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी पहुंचे और स्ट्रांग रूम के दरवाजे खुलवाए। इसमें से जिले की 2252 पॉलिंग बूथ से आई ईवीएम मशीनों को निकालकर सभी आठ विधानसभाओं के कमरों में भेजा गया। डाक मत पत्रों के लिए अलग से इंतजाम किया गया है।

सुबह 8 बजे डाक मत पत्र से गिनती प्रारंभ

सुबह 8.00 बजे सबसे पहले डाक मत पत्रों की गिनती प्रारंभ करवाई गई है। इन मत पत्रों की गिनती के बाद 8.30 बजे इवीएम से मतों की गिनती होगी।

धड़कनें बढ़ी लोगों में उत्साह

Lok Sabha Election 2019 Result लोकसभा चुनावों के नतीजों को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है। चाय की थड़ी से लेकर गांव की चौपाल तक मतगणना को लेकर लोग चर्चा में लगे हुए है। लोगों ने टीवी सेट ऑन कर लिए है और ऑन लाइन जानकारी के लिए भी कोशिश में लगे हुए है।

चाक चौबंद है व्यवस्था

राजकीय महाविद्यालय मेें व्यवस्था चाक चौबंद की है। यहां पर इस वक्त पुलिस का भारी जाप्ता तैनात है। बीएसएफ की भी मदद ली गई है। सीसीटीवी कैमरों से हर हरकत पर नजर रखी जा रही है।

ट्रेफिक किया है डायवर्ट

बाड़मेर शहर में ट्राफिक डायवर्ट किया हुआ है। कॉलेज रोड़ से लेकर सिणधरी चौराहे तक वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। लोग रास्ता बदलकर जा रहे है। यहां पर पुलिस का भारी जाप्ता तैनात है।

Updated on:
23 May 2019 08:43 am
Published on:
23 May 2019 08:42 am