
बाड़मेर. तस्कर की तलाश में जिले के सांजटा गांव पहुंची सदर पुलिस की टीम पर तस्कर ने पिस्टल तान दी। पुलिस ने उसे पकडऩे की कोशिश की। लेकिन मौका पाकर वह फरार हो गया। पुलिस ने एक पिस्टल व 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी आरजीटी थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
जानकारी के अनुसार अचलाराम पुत्र पन्नाराम जाट ने सोमवार को सदर पुलिस थाने में आरोपी रूपाराम पुत्र भैराराम जाट निवासी अणखिया के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में आरोपी रूपाराम को पकडऩे के लिए बुधवार दोपहर में सदर थाने के एएसआई लूणाराम व कांस्टेबल नगाराम सांजटा पहुंचे। इस दौरान आरोपी तस्कर बिना नंबर की लग्जरी गाड़ी के साथ मिला। पुलिस ने उसे पकडऩे की कोशिश की तो उसने लोडेड पिस्टल तान दी। इस बीच मौका देखकर तस्कर गाड़ी लेकर फरार हो गया। इस दौरान काफी झड़प भी हुई, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। टीम ने मौके से एक पिस्टल व 6 कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस जाब्ता पहुंचा मौके पर
आरोपी के भागने पर सदर थाने में इसकी सूचना दी गई। इसके बाद थानाधिकारी किशनलाल, उप निरीक्षक अमरसिंह आदि मौके पर पहुंच तथा तलाश में की गई। लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।
आरजीटी थाने का हिस्ट्रीशीटर
आरोपी आरजीटी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का प्रयास, आम्र्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। सदर पुलिस ने आरोपी को पकडऩे के लिए टीमों का गठन किया है।