देशभर के ब्लड बैंक की जानकारी ऑनलाइन-ई-रक्तकोष बचा रहा है मरीजों की जिदंगी-रक्तदान कैम्प की जानकारी भी उपलब्ध
ई-रक्तकोष पर एक क्लिक से देशभर के किसी भी ब्लड बैंक की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यहां पर ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता, कौनसे ग्रुप का खून कितने यूनिट व कहां पर हो रहा है रक्तदान कैम्प आदि की सूचना सब कुछ ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा रही है। यह मरीजों और परिजनों के लिए मददगार साबित हो रही है। यहां पर सभी जानकारी प्रतिदिन अपडेट होती है।
खून की जरूरत होती है तो सबसे पहले ब्लड बैंक की ओर भागते हैं। अब आप किसी भी शहर में हो बस अपने मोबाइल से ई-रक्तकोष पर जाकर पूरी जानकारी ले सकते हैं कि कहां पर कौनसे ग्रुप का खून उपलब्ध है। इस सुविधा से मरीजों की जिदंगी बचाई जा सकती है।
देश में कहां लग रहे हैं कैम्प
ई-रक्तकोष पर पूरे देशभर में कहां-कहां पर ब्लड कैम्प लगाए जा रहे हैं। इसकी जानकारी भी उपलब्ध है। साथ ही कौनसी संस्था शिविर लगा रही है, समय और स्थान के अलावा कोई रक्तदान करना चाहता है तो वह भी हाथों-हाथ साइट पर ही प्री-रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। यहां पर आप कहीं पर भी हो रक्तदान का नेक कार्य कर सकते हैं।
कहां कितना ब्लड है स्टोरेज में
किसी भी ब्लड बैंक में सभी ग्रुप का खून कितने यूनिट उपलब्ध है, यह भी जानकारी उपलब्ध है। साथ ही ब्लड सेपरेशन में अलग-अलग कम्पोनेंट भी ब्लड बैंक में उपलब्ध है या नहीं इस बारे में भी सूचना मिल जाती है।
कुछ ब्लड बैंक नहीं कर रही अपडेट
ई-रक्तकोष में सभी ब्लड बैक की जानकारी है। लेकिन कई ब्लड बैंक रोजाना अपडेट नहीं कर रहे है। इसके कारण मरीजों और परिजनों को परेशानी उठानी पड़ती है। बाड़मेर के राजकीय अस्पताल के ब्लड बैंक की ऑनलाइन जानकारी 13 जुलाई 2021 तक ही आखिरी बार अपडेट किया हुआ है। इसके बाद ब्लड बैंक के स्टॉक को ई-रक्तकोष पर अपडेट नहीं किया है। जबकि बालोतरा के राजकीय अस्पताल की ब्लड बैंक नियमित अपडेट हो रही है।