बाड़मेर

Barmer crime: बाड़मेर में सनसनी, लव मैरिज का बदला, लड़की के चाचा ने काटी नाक, गुस्साए परिजनों ने काट दिया पैर

Barmer Crime: गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के जीवाणियों की ढाणी गांव में ढाई साल पुरानी लव मैरिज को लेकर चला आ रहा विवाद हिंसक हो गया। दो परिवारों के बीच हुए संघर्ष में एक व्यक्ति की नाक कट गई, जबकि दूसरे का पैर कट गया।
2 min read
Dec 18, 2025
Barmer Crime
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फोटो- पत्रिका नेटवर्क

बाड़मेर। जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के जीवाणियों की ढाणी गांव में ढाई साल पुरानी लव मैरिज को लेकर चला आ रहा विवाद हिंसक हो गया। दो परिवारों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की नाक काट दी गई, जबकि दूसरे का पैर कट गया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की जड़ करीब ढाई साल पुरानी है। गांव के श्रवणसिंह (25) ने पड़ोस में रहने वाली युवती से लव मैरिज की थी, जो युवती के परिजनों को मंजूर नहीं थी। शादी के बाद से ही युवती के चाचा धर्मसिंह (50) पुत्र भैरूसिंह और श्रवणसिंह के बड़े भाई उकसिंह (35) पुत्र जगसिंह के बीच लगातार तनाव और विवाद चल रहा था। श्रवणसिंह वर्तमान में अपनी पत्नी और परिवार के साथ गुजरात में रहता है, ऐसे में गांव में पारिवारिक मामलों की जिम्मेदारी उसके बड़े भाई उकसिंह पर ही थी।

चाचा ने काटी नाक

उकसिंह खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान युवती के चाचा धर्मसिंह और उनके कुछ साथियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने दरांती से वार कर उकसिंह की नाक काट दी। गंभीर रूप से घायल उकसिंह खून से लथपथ हालत में किसी तरह घर पहुंचा।

गुस्से में काटा पैर

उकसिंह की हालत देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और वे युवती के घर पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों में फिर से मारपीट हुई। इस दौरान उकसिंह के परिजनों ने धर्मसिंह पर दरांती से हमला कर दिया, जिससे उसका एक पैर कट गया। दोनों घायलों को तुरंत गुड़ामालानी अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उकसिंह को सांचौर और धर्मसिंह को जोधपुर रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर गुड़ामालानी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Updated on:
18 Dec 2025 07:52 pm
Published on:
18 Dec 2025 07:35 pm