- दो ढाई माह पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत ढाणियां हुई थी रोशन- निम्न गुणवत्ता का उपयोग हो रहा सामान, दो तिहाई ट्रांसफार्मर जले
गिड़ा. पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत ढाणियों में कुछ दिन तो बल्ब जलते हैं, लेकिन फिर ट्रांसफार्मर ही जल जाते हैं। डिस्कॉम के अधिकारियों का कहना है कि यह काम निजी कम्पनी की ओर से करवाया जा रहा है। निम्न गुणवत्ता का सामान उपयोग होने से क्षेत्रभर से शिकायतें आ रही है। अब इन्हें ठीक करने या बदलने को लेकर उनके पास संसाधन भी नहीं है। ऐसे में कई ढाणियों में महिने से तो कहीं कनेक्शन के चौथे दिन से ही बिजली गुल है। ग्रामीण फिर अंधेरे में जीवन यापन को मजबूर हैं।
ग्राम पंचायत खोखसर पश्चिम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत घरेलू कनेक्शन मात्र चार दिन की चांदनी ही साबित हुए। यहां बीते दो से ढाई माह में लगे ट्रांसफार्मर में से दो तिहाई जल चुके हैं।
इधर से उधर भटक रहे ग्रामीण
समस्या को लेकर ग्रामीण इधर से उधर भटक रहे हैं। वे अपनी पीड़ा को लेकर डिस्कॉम अधिकारियों के पास जाते हैं तो वे निजी कम्पनी का हवाला देकर वापस भेज देते हैं। अब ग्रामीण निजी कम्पनी में किसके सामने समस्या रखे जिससे उसका समाधान हो सके, यह उनकी समझ से बाहर है।
4 से 5 दिन ही हुई रोशनी
राजस्व गांव बैरड़पुरा में डउकियों की ढाणी, मुकनगढ़ में पनोणी डउकियों की ढाणी, सउओं की बैरी में भीयोणी सउओं की ढाणी सहित ग्राम पंचायत खोखसर पश्चिम में 9 से 10 ट्रांसफार्म लगाने के बाद 4-5 दिन बाद ही जल गए। यहां के घर फिर अंधेरे में आ गए। ग्रामीणों का कहना हैं कि इसको लेकर उन्होंने बायतु ऑफिस में संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि आप गाड़ी में पुराना ट्रांसफार्म ले आओ और नया ले जाआ।
ट्रांसफार्मर तो आया लगा नहीं
ऐसे ही गिड़ा के शिवपुरा में करीब एक माह पूर्व ट्रांसफार्मर जल गया था। इसको लेकर राजस्थान पत्रिका में समाचार प्रकाशित होने के बाद ट्रांसफार्मर तो मिल गया, लेकिन यह अब तक जमीन पर ही पड़ा है। ग्रामीण देवीसिंह भाटी का कहना है कि यहां अब भी करीब 15 घर अंधेरे में जीवन यापन कर रहे हैं।
ढाई माह पूर्व जली थी डीपी
हमारे पनोणियों डउकियों की ढाणी में लगी डीपी ढाई माह पहले जल गई थी। इसको लेकर जिम्मेदारों को अवगत करवाया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
- निम्बाराम डऊकिया, ग्रामीण
नहीं सुनता कोई
भींयोणी सउओं की ढाणी में लगी डीपी पिछले ढाई माह से खराब है। अधिकारियों को बताया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
- भानूप्रकाश सऊ, वार्डपंच
9 से 10 ट्रांसफार्मर जले
ग्राम पंचायत खोखसर पश्चिम में 9 से 10 ट्रांसफार्मर जले हुए हैं। संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि ध्यान ही नहीं दे रहे हैं।
- प्रभुदयाल सऊ, ग्रामीण
हल्की क्वालिटी के ट्रांसफार्मर
पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत लगे ट्रांसफार्मर हल्की क्वालिटी के होने के कारण सब जगह से शिकायतें आ रही हैं। इसको लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया हैं। जो भी ट्रांसफार्मर खराब हैं उन्हें बदले जा रहे हैं।
- सोनाराम पटेल, अधीशासी अभियंता, डिस्कॉम बालोतरा