बाड़मेर

कार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत

टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल व कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना पर कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जब्त किया।
less than 1 minute read
• •
Updated: 20 Mar 2024, 10:08 PM IST
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त

कल्याणपुर क्षेत्र में बुधवार शाम को सिवाना-आगाेलाई स्टेट हाइवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल व कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना पर कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जब्त किया।

थानाधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि स्टेट हाइवे सिवाना-आगोलाई पर समदड़ी से कल्याणपुर जा रही एक कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार पिंडारण निवासी श्रवणसिंह (18) पुत्र भंवरसिंह व अर्जुनसिंह (18) पुत्र मूलसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त कार के चालक ने मानवता के नाते अन्य वाहन की मदद से कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को थाना लाकर जब्त

घटना की सूचना पर कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर सांखलों की ढाणी पहुंची तथा घटनास्थल का मौका मुआयना किया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाना लाकर जब्त किया। जानकारी पर पचपदरा पुलिस उपाधीक्षक दशरथसिंह भी कल्याणपुर अस्पताल पहुंचे तथा घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कार चालक ने दिखाई मानवता

सांखलों की ढ़ाणी के पास दुर्घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार के चालक ने ही मानवता के नाते दोनों घायलों को अन्य वाहन की मदद से कल्याणपुर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

Updated on:
20 Mar 2024, 10:08 PM IST
Published on: