बाड़मेर

बाल सभाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रम, अभिभावकों का इंतजार, परिणाम घोषित

नामांकन बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से किया गया प्रयास
2 min read
Cultural program in child gatherings, waiting for parents
Cultural program in child gatherings, waiting for parents

बाड़मेर. सरकारी स्कूलों में नये सत्र में नामांकन बढ़ाने, बच्चों की शैक्षिक व सह शैक्षिक गतिविधियों में बढ़ोतरी करने व विद्यार्थियों के परिणामों की जानकारी अभिभावकों को मिले इसके लिए सरकार की ओर से गुरुवार को जिले भर के सरकारी स्कूलों में बालसभाओं का आयोजन हुआ ।

इसके लिए जिला कलक्टर के निर्देशन में प्रभारी अधिकारी भी बनाएं गए। बाल सभाओं को व्यापक प्रचार प्रसार करने की जिम्मेदारी शिक्षकों को दी गई। ऐसे में कई स्कूलों में तो रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बाल सभाएं हुई तो कहीं पर शिक्षक अभिभावकों का इंतजार करते नजर आए। पत्रिका टीम ने बाल सभा कार्यक्रम की हकीकत जानने के लिए स्कूलों का निरीक्षण किया। तो इस प्रकार की हकीकत नजर आई ।

समय सुबह 9.48 मिनट

राजकीय प्रवेशिका संस्कृत विद्यालय तिलक नगर
यहां पर पत्रिका टीम पहुंची तो विद्यालय में बच्चे व शिक्षक पहुंचे हुए थे। शिक्षक अभिभावकों का इंतजार करते नजर आए। शिक्षकों से अभिभावकों के नहीं पहुंचने का कारण पुछा तो बताया कि सभी को निमंत्रण तो दिया हुआ है। अभी आए नहीं आ जाएंगे।

समय 9.56 मिनट

रामावि बलदेव नगर
विद्यालय की ओर से मावर प्रजापत समाज के प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पर बच्चें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते नजर आए। इसके साथ विद्यार्थियों के अभिभावक भी कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लेते नजर आए।

समय 10.10 मिनट
राउप्रावि महावीर नगर

विद्यालय की ओर से माता राणी भटियाणी मंदिर के आगे कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पर विद्यार्थियों अपनी प्रतिभाओं को प्रदर्शित करते नजर आए। इसके बाद अभिभावकों ने विद्यार्थियों के परिणाम जाने।

समय 10.47

रामूबाई राउमावि नेहरू नगर
विद्यालय के बाल सभा कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में प्रभारी व मुख्य अतिथि मौजूद थे। बच्चे भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे थे। लेकिन यहां पर अभिभावक कम नजर आए। शिक्षकों को पुछने पर बताया कि अभी कार्यक्रम शुरू हुआ है। थोड़ी देर में अभिभावक आने वाले है।

समय 10.53
राउप्रावि शास्त्री नगर

पत्रिका टीम पहुंचने के दौरान यहां पर बाल सभा का कार्यक्रम पूर्ण हो गया था। इसके बाद शिक्षक अभिभावकों को बच्चों के परिणाम बताते नजर आए। अभिभावकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

यहां पर भी आयोजित हुए कार्यक्रम

स्कूल राउप्रावि राय कॉलोनी
विद्यालय में बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दे रहे थे। यहां पर अभिभावकों के आने का दौर शुरू हो गया था। इसके बाद विद्यालय के परिणाम जारी किया गया। इसी प्रकार राबाउमावि माल गोदाम रोड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विद्यार्थियों के परिणाम जारी किए गए।

अभिभावकों की कम रूची या प्रचार प्रसार का अभाव

सरकार की ओर से विद्यालयों में सार्वजनिक स्थानों पर बाल सभाएं करवाने के साथ विद्यालय व छात्रों की प्रगति के बारे में आमजन को अवगत करवाने के बाद भी अधिकांश विद्यालयों में अभिभावकों की उपस्थिती ना के बराबर नजर आई। ऐसे में सवाल यह उठता है कि शिक्षकों की ओर से प्रचार प्रसार में कहीं कमी रही या अभिभावक इस प्रकार के कार्यक्रमों से दूरी बना रहे है।

Published on:
10 May 2019 12:02 pm