बाड़मेर

कार घर के बाहर खड़ी, 150 किमी दूर प्लाजा पर कट गया टोल

अब ऐसे तरीकों से ठगा जा रहा है, जिस पर व्यक्ति को कुछ समझ ही नहीं आता है। ऐसी ही एक मामला बाड़मेर शहर में एक वाहन मालिक के साथ सामने आया है। घर के सामने खड़ी कार का करीब 150 किमी दूर एनएचएआई प्लाजा पर टोल कट गया।
less than 1 minute read
• •
Updated: 16 Feb 2024, 2:01 PM IST
कार घर के बाहर खड़ी, 150 किमी दूर प्लाजा पर कट गया टोल
कार घर के बाहर खड़ी, 150 किमी दूर प्लाजा पर कट गया टोल

ठगी के नित नए तरीके सामने आ रहे है। ओटीपी बताने पर तो कईयों के साथ साइबर ठगों ने वारदातों को अंजाम दिया है। अब ऐसे तरीकों से ठगा जा रहा है, जिस पर व्यक्ति को कुछ समझ ही नहीं आता है। ऐसी ही एक मामला बाड़मेर शहर में एक वाहन मालिक के साथ सामने आया है। घर के सामने खड़ी कार का करीब 150 किमी दूर एनएचएआई प्लाजा पर टोल कट गया।

बाड़मेर शहर में जोशियों की प्रोल के पास रहने वाले कार मालिक रामकुमार जोशी को 14 फरवरी को दोपहर में एसएमएस आया कि बालोतरा-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोली प्लाजा पर 80 रुपए टोल काटा गया। मैसेज देखकर वाहन मालिक के होश उड़ गए। आनन-फानन में घर के बाहर जाकर देखा कि कहीं गाड़ी चोरी तो नहीं हो गई। कार उनके घर के सामने खड़ी थी और दूसरी तरफ उनके फोन में टोल कटने का मैसेज भी दिख रहा था।

एनएचएआई के साथ निजी बैंक को शिकायत

वाहन मालिक ने एनएचएआई टोल फ्री नम्बर पर शिकायत के लिए फोन किया तो वहां से जवाब मिला कि प्लाजा से नहीं हुआ है। जिस बैंक से फास्टैग जारी हुआ है, वहां पर शिकायत करें। उन्होंने बैंक को भी इस संबंध में शिकायत भेजने के साथ मैसेज भी भेजा है। साथ ही बताया कि उनके घर के आगे कार खड़ी है और 150 किमी दूर प्लाजा पर टोल कट जाना बड़ा गंभीर मामला है। इसकी पूरी जांच करवाई जाए।

Published on: