बाड़मेर

शर्मसार: अस्पताल के बरामदे में हुआ प्रसव, श्वान ने मृत नवजात को नोचा, वीडियो वायरल

चिकित्सा प्रशासन की सबसे बड़ी लापरवाही उस समय सामने आ गई जब अस्पताल परिसर में ही एक मृत नवजात के शव को श्वान द्वारा नोचते देखा गया।
less than 1 minute read
Apr 05, 2019
Dead newborn baby

चौहटन। चिकित्सा प्रशासन की सबसे बड़ी लापरवाही उस समय सामने आ गई जब अस्पताल परिसर में ही एक मृत नवजात के शव को श्वान द्वारा नोचते देखा गया। इस घटना ने सभी मानवीय संवेदनाओं को तार तार कर दिया है। घटना सामने आने के बाद चिकित्साकर्मियों ने प्रसूता को दाखिल कर नवजात का शव परिजन को सौंपा।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को एक महिला को प्रसव के लिए सीएचसी चौहटन में भर्ती किया गया था लेकिन काफी देर बाद चिकित्सकों ने उसे जटिल प्रसव होना बताकर यहां से बाड़मेर रेफर करने की बात कही। इस पर ज्योंहि प्रसूतिगृह से महिला बाहर निकली इसी दौरान उसने गैलेरी में ही मृत बच्चे को जन्म दे दिया। इस दौरान एक श्वान आया और नवजात के शव को नोचने लगा। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में से किसी ने मोबाइल में इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फोटो
नवजात शिशु को गैलरी में पड़ा देख लोगों में कौतुहल का विषय बन गया, वहीं आसपास खड़े युवकों ने फोटो लेकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, फोटो वायरल होने पर अस्पताल प्रबन्धन हरकत में आया तथा उस बच्चे को उठाकर वापस प्रसूता के पास छोड़ दिया।

अधिकारी पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।अधिकारियों ने बताया कि वे इस घटना की हर पहलू पर जांच कर रहे हैं किसी कर्मचारी के दोषी पाए जाने पर उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Published on:
05 Apr 2019 07:03 pm