बाड़मेर

चिकित्सकों की हड़ताल का तीसरा दिन, ओपीडी 2000 से 500 पर, आए वो भी उपचार को तरसे

- जिला अस्पताल हो गया खाली, निजी में मरीजों की भीड़, थोड़ी देर कतारें, चार केयर्न व बीएसएफ के चिकित्सकों ने संभाली ओपीडी
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2017, 7:28 PM IST
barmer news
barmer news

बाड़मेर. चिकित्सकों के सामूहिक अवकाश और हड़ताल के तीसरे दिन बुधवार को जिलेभर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई। चिकित्सा विभाग की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था पर लगाए गए आयुष व आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने उपचार करने से मना कर दिया। ऐसे में जिला अस्पताल की ओपीडी महज 4 चिकित्सकों ने संभाली। ऐसी स्थिति में सैकड़ों मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। इधर, शहर के निजी अस्पतालों में मरीजों की दिनभर लम्बी कतारें लगी नजर आई।

चिकित्सकों की हड़ताल के चलते आयुष तथा आयुर्वेद विभाग के 85 चिकित्सकों को जिले के सरकारी अस्पतालों में व्यवस्थाएं संभालने के निर्देश दे रखे हैं, लेकिन जिला अस्पताल में मंगलवार को आयुष व आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने पर्ची पर दवाई लिखने से मना कर दिया। इसके चलते बीएसएफ व दो अन्य चिकित्सकों ने उपचार किया। दोपहर बाद अस्पताल परिसर में सन्नाटा छा गया।


ओपीडी में भारी गिरावट
जिला अस्पताल में ओपीडी 2000 से 500 पर आ गई है। यहां बमुश्किल अनजाने में मरीज आ रहे हैं। सुबह आउटडोर में भीड़ नजर आई, लेेकिन मरीजों को जब चिकित्सकों की हड़ताल की जानकारी मिली तो निजी में उपचार करवाने का रुख किया। मंगलवार को ओपीडी 500 पर आ गई।

ऑपरेशन पर ताला, एक्स-रे किसको दिखाएं?
अस्तपाल में कई मरीजों ने एक्स-रे करवाए, लेकिन जब दिखवाने की बारी आई तो विशेषज्ञ दिखाई नहीं दिए। ऐसे में कई गंभीर मरीज एक्स-रे लेकर अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकते नजर आए। सभी ऑपरेशन थियेटर पर ताले गए हुए थे। दो दिन से कोई ऑपरेशन नहीं हो रहा है।

सामाजिक संगठन कर रहे सहयोग
चिकित्सकों के हड़ताल पर जाने के बाद केयर्न-वेदांता ऑयल एंड गैस, धारा संस्थान, वोकोर्ड फाउंडेशन व हेल्पेज इंडिया में कार्यरत चिकित्सक राजकीय चिकित्सालय में सेवाएं दे रहे हैं। केयर्न के वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक निशांत कुमार ने बताया कि चिकित्सकों की हड़ताल जारी रहने तक डॉक्टर सेवाएं देंगे। धारा संस्थान के महेश पनपालिया ने बताया कि प्रमुख चिकित्सा अधिकारी के निर्देशानुसार संस्थान के चिकित्सक काम पर रहेंगे।


पति गायब, पत्नी ने संभाली कमान
मातृ शिशु इकाई में डॉ. महिपाल चौधरी की पत्नी व आयुर्वेद विभाग की चिकित्सक गीता चौधरी ड्यूटी पर आई। उन्होंने महिलाओं का चेकअप कर उपचार किया। उनके पति राजकीय अस्पताल में ही कार्यरत हैं। वह हड़ताल के चलते सेवाएं नहीं दे रहे हैं।


बच्ची की तबीयत खराब
गौहड़ का तला निवासी नारणाराम अपनी बच्ची लीला की तबीयत खराब होने से राजकीय अस्पताल पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों की हड़ताल के चलते उनकी बच्ची का उपचार नहीं हुआ। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में जाने की नौबत आई, लेकिन पैसे नहीं होने से बच्ची के साथ परिजन अस्पताल परिसर में चिकित्सक के इंतजार में बैठ गए। बच्ची के गले में खराबी के कारण ऑपरेशन होना है, लेकिन हड़ताल के कारण ऑपरेशन नहीं हो रहा।

Published on: