
बालोतरा (बाड़मेर)। सीकर जिले में फिल्मी स्टाइल में अपहरण कर दुल्हन को उठा ले जाने के बाद प्रदेश में एक और किडनैपिंग का मामला सामने आया है। बाड़मेर जिले के बालोतरा में एक युवक का अपहरण कर मारपीट करने व पांच लाख रुपए मांगने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है।
साेते हुए काे उठाकर गाड़ी में डालकर ले गए
विकास पुत्र जेठमल जैन निवासी बालोतरा ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि 14 अप्रेल की रात वह अपने घर सो रहा था। रात करीब 1.10 बजे हर्षदान पुत्र चण्डीदान, भैरूसिंह उर्फ लिया पुत्र भीखाराम, देवीलाल पुत्र ओमप्रकाश, राजू उर्फ कालू पुत्र लूणाराम व अन्य एक राय होकर एक गाड़ी से उसके घर पहुंचे। लाठियों, धारियों से लैस उन्होंने दरवाजा तोड़ कर उसके घर में अनाधिकृत प्रवेश किया। इसके बाद वे उसे उठाकर गाड़ी में डालकर ले गए।
सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट की
सुनसान इलाके में ले जाकर इन सभी ने उसके साथ मारपीट की। वहीं गले में पहनी सोने की चेन, अंगूठी लूट ली। लौटते वक्त 10 दिन में पांच लाख रुपए लाकर नहीं देने पर जान की धमकी दी। इसके बाद वह बड़ी मुश्किल से घायल अवस्था में घर पहुंचा।
आक्रोशित समाज ने 6 घंटे लगाया जाम
मालूम हाे कि सीकर जिले में दुल्हन का अपहरण कर उसे उठा ले जाने के मामले में गुरुवार को दूसरे दिन राजपूत समाज उग्र हो गया। पुलिस घटना के 24 घंटे बाद भी दुल्हन को बरामद नहीं कर सकी है। जिससे गुरुवार को दिनभर शहर में हंगामा होता रहा। मामले में चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर दुल्हन का अपहरण करने के मुख्य आरोपी का सहयोग करने का आरोप है।