बाड़मेर

VIDEO: बाड़मेर में फॉर्च्यूनर सवार पर हमला, लाठियों से पीटा, 2 गंभीर घायल; सामने आई ये वजह

Rajasthan News: बाड़मेर जिले के शिव इलाके में जैसलमेर के एक ट्रैवल्स कारोबारी शेर खान पर बोलेरो पिकअप में सवार बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 3 Jun 2025, 7:18 PM IST
Attack on Fortuner rider in Barmer
बाड़मेर में गाड़ियों की टक्कर, फोटो- पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan News: बाड़मेर जिले के शिव इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई हिंसा ने लोगों को सकते में डाल दिया। जैसलमेर के एक ट्रैवल्स कारोबारी शेर खान पर बोलेरो पिकअप में सवार बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बदमाशों ने उनकी फॉर्च्यूनर SUV को जानबूझकर टक्कर मारी और फिर लट्ठ बरसाने शुरू कर दिए।

इस हमले में शेर खान और उनके साथी बक्शे खान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरे व्यक्ति शाह मोहम्मद को हल्की चोटें आई हैं। शेर खान और बक्शे को जोधपुर रेफर किया गया है, वहीं शाह मोहम्मद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

हमले का वीडियो वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह पूरी वारदात करीब 20 मिनट तक बाजार में चलती रही, जिससे इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए। बाजार में मौजूद लोगों ने हमले का वीडियो बनाकर पुलिस को सौंपा है।

शिव थाना प्रभारी जालाराम के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। जैसलमेर के फलसूंड निवासी शेर खान (40) अपने साथी बक्शे खान (38) और शाह मोहम्मद (35) के साथ शादी समारोह में शरीक होने उण्डू (शिव क्षेत्र) जा रहे थे। तभी बाजार में दो बोलेरो पिकअप गाड़ियों ने उनकी फॉर्च्यूनर को घेर लिया।

इसके बाद हमलावरों ने SUV को तीन बार टक्कर मारी और फिर लाठियों से हमला कर दिया। गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को पहले फलसूंड हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां से शेर खान और बक्शे खान को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों के हाथ-पैरों में फ्रैक्चर और गहरे घाव हैं। शाह मोहम्मद को मामूली चोटें आई हैं।

यहां देखें वीडियो-


2024 के मर्डर केस से जुड़ी रंजिश

सूत्रों के मुताबिक पुलिस जांच में यह हमला पुरानी आपराधिक रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शेर खान और नवाब खान के बीच 2024 में हुए एक मर्डर केस को लेकर काफी तनाव था। इस हमले को उसी रंजिश का हिस्सा माना जा रहा है। हमलावर बोलेरो कैंपर गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है और आरोपियों की तलाश जारी है।

एक आरोपी गिरफ्तार- बाड़मेर पुलिस

वहीं, बारमेर पुलिस का कहना है कि थाना शिव के ग्राम उण्डु में एक ही समुदाय के दो पक्षों की पुरानी रंजिश को लेकर हुई घटना के सम्बन्ध में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 आरोपी इरफान पुत्र गनीखान को दस्तयाब किया गया है तथा 1 वाहन डिटेन किया गया है। शेष आरोपीयों की तलाश जारी।

शिव पुलिस ने कहा है कि हमले की वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रतिशोध की आशंका को टाला जा सके।

Updated on:
3 Jun 2025, 7:18 PM IST
Published on: