
24 में 6 घंटे ही मिल रही बिजली, रात में घुप अंधेरा
शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा समाधान
बाड़मेर . शिव क्षेत्र के राजस्व गांव डलानाडा व आसपास के क्षेत्रों में दीपावली के बाद से अघोषित बिजली कटौती ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन गई है। सुबह से शाम तक महज 6-7 घंटे बिजली मिलने से कई आवश्यक कार्य बाधित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने डिस्कॉम को कई बार शिकायत की, लेकिन समाधान का अब तक इंतजार है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती का समय तय नहीं होने के कारण कभी सुबह तो कभी शाम को चली जाती है। ऐसे में रात को बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पाती। बिजली होने के बावजूद चिमनी की रोशनी में पढऩे को मजबूर हैं। बच्चों के अद्र्ध वार्षिक परीक्षाएं सिर पर हैं।
समाधान किया जाएगा
&कृषि कनेक्शनों को बिजली देने के दौरान कुछ समस्या आ रही है। बिजली सुचारू करने का प्रयास किया जाएगा।
-नाथूराम, सहायक अभियंता डिस्कॉम, शिव
दूसरे गांव से चार्ज करवाते हैं मोबाइल
बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करवाने के लिए आसपास गांवों में जाना पड़ता है। इसके साथ अनाज पिसवाने व बिजली से सम्बधित अन्य काम रूक जाते हैं।
घर के काम-काज बाधित
बिजली कभी भी गुल होने पर घर के काम-काज प्रभावित हो रहे हैं। अल सुबह और शाम को भी बिजली गुल हो जाती है। जिससे महिलाओं को खाना पकाने व अन्य कार्य में परेशानी हो रही है।
बोले ग्रामीण
15 दिनों से समस्या
दीपावली के बाद से ही समस्या चल रही है। डिस्कॉम को अवगत करवाया समाधान नहीं हुआ।
-गोमाराम कालीराणा
कई कार्य हो रहे बाधित
24 घंटों में महज 6 घंटे बिजली आने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। कई आवश्यक कार्य बाधित हो रहे हैं।
-लाभूराम ग्रामीण