
शिव उपखंड में बना स्टेडियम (पत्रिका फोटो)
शिव (बाड़मेर): खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाखों रुपए की लागत से निर्मित शिव उपखंड मुख्यालय का खेल स्टेडियम वर्तमान में बदहाली का शिकार है। नियमित रखरखाव के अभाव में स्टेडियम परिसर में चारों ओर झाड़ियां लग गई हैं। जबकि रनिंग ट्रैक भी घास और कांटेदार झाड़ियों से घिर चुका है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम ढलते ही स्टेडियम परिसर समाजंकटकों और शराबियों का अड्डा बन जाता है। परिसर में शराब की बोतलें, प्लास्टिक के गिलास और अन्य कचरा बिखरा रहता है, जिससे खेल मैदान की गरिमा प्रभावित हो रही है। ऐसे माहौल के कारण खिलाड़ी और युवा स्टेडियम आने से कतराने लगे हैं।
रनिंग ट्रैक पर उगी झाड़ियों के कारण नियमित दौड़ और अभ्यास लगभग बंद हो गया है। खिलाड़ियों का कहना है कि समय-समय पर सफाई और रखरखाव नहीं होने से खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने प्रशासन से स्टेडियम की नियमित साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
उनका कहना है कि यदि समय रहते रखरखाव नहीं कराया गया तो लाखों रुपए की लागत से तैयार यह खेल परिसर पूरी तरह बदहाल हो जाएगा। इसी स्टेडियम में होता है राष्ट्रीय पर्व का कार्यक्रम इसी स्टेडियम में उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम आयोजित होने के साथ ही पूर्व अभ्यास भी होता है। ऐसे में झाड़ियां से घिरे स्टेडियम और परिसर में बिखरे कांच से विद्यार्थियों को भी परेशानी हो सकती है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत को आज ही अवगत करवाकर स्टेडियम में झाड़ी कटिंग के साथ ही अन्य सफाई करवाकर राष्ट्रीय पर्व का उपखंड स्तरीय कार्यक्रम गरिमापूर्वक रूप मनाया जाएगा।
-उम्मेदाराम कुमावत, अतिरिक्त विकास अधिकारी शिव
लाखों की लागत से निर्मित स्टेडियम रख रखाव के अभाव में खिलाड़ियों के तैयारी के लिए काम नहीं आ रहा है। यहां बबूल की झाड़ियों के साथ ही कांच बिखरा रहता है।
-पुखराज सिंह बलाई, छात्र नेता
लाखों की लागत से निर्मित स्टेडियम के रखरखाव के लिए वीबी जीरामजी योजना से श्रमिक लगाने के साथ ही नियमित साफ सफाई होनी चाहिए। साथ ही इसको और बेहतरीन बनाना चाहिए।
-रेखा चौहान, छात्रा महाविद्यालय
Updated on:
08 Aug 2026 04:08 pm
Published on:
08 Aug 2026 04:08 pm
