
घटना स्थल की तस्वीर (पत्रिका फोटो)
Barmer Road Accident: बाड़मेर के सदर थाना क्षेत्र में धोरीमन्ना रोड पर कुर्जा फांटा के पास शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे चार युवकों को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित टैंकर ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में भलीसर निवासी रूपाराम (25) पुत्र मोहनलाल, रमेश कुमार (30) पुत्र वीरमाराम और अरणियाली निवासी धनराज (30) पुत्र उदाराम की मौत हो गई। वहीं, अरणियाली निवासी मांगीलाल पुत्र खरताराम गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद मांगीलाल की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया है।
रमेश कुमार (मृतक)-30 वर्ष-निवासी भलीसर-बस कंडक्टर, घर का इकलौता बेटा, एक मासूम बच्चे का पिता
रूपाराम (मृतक)-25 वर्ष-निवासी भलीसर-जेसीबी चालक-अविवाहित-रमेश का चचेरा भाई
धनराज (मृतक)-30 वर्ष-निवासी अरणियाली-फैंसी स्टोर व्यापारी-पत्नी 5 महीने की प्रेग्नेंट
मांगीलाल (घायल)-निवासी अरणियाली-धनराज का साथी (जोधपुर रेफर)
हादसा शनिवार रात करीब 8 बजे कुर्जा फांटा के पास हुआ। भलीसर निवासी रमेश कुमार हरिद्वार रूट की एक प्राइवेट बस में कंडक्टर का काम करता था। उसका चचेरा भाई रूपाराम उसे बाइक से बाड़मेर छोड़ने आ रहा था। वहीं, दूसरी बाइक पर अरणियाली निवासी व्यापारी धनराज अपने साथी मांगीलाल के साथ बाड़मेर से अपनी दुकान का सामान बुक करवाकर गांव लौट रहा था।
कुर्जा फांटा के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क पर पड़े चारों युवकों को कुचल दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मंजर बेहद खौफनाक था। घटना की सूचना के बाद जिला अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई और इमरजेंसी में अतिरिक्त चिकित्सकों को बुलाया गया। एएसपी नितेश आर्य और शहर कोतवाल मनोज कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और घायल के त्वरित इलाज के निर्देश दिए। फिलहाल तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
इस सड़क हादसे ने एक ही झटके में तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मृतक रमेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी शादी पांच साल पहले हुई थी। उसकी मौत के बाद उसके मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
व्यापारी धनराज की शादी 5 साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी 5 महीने की प्रेग्नेंट है और जोधपुर में रहकर REET परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इस घटना ने उसके पूरे भविष्य को अंधकार में धकेल दिया। जेसीबी चलाने वाला 25 वर्षीय रूपाराम अपने चचेरे भाई को मदद के तौर पर बाड़मेर छोड़ने जा रहा था। लेकिन वह भी इस हादसे का शिकार बन गया। घटना के बाद पूरे भलीसर और अरणियाली गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
09 Aug 2026 12:53 pm
Published on:
09 Aug 2026 12:53 pm
