
पुलिया से नीचे गिरा ट्रेलर, 2 लोगों की मौत (पत्रिका फोटो)
Jhalawar Trailer Accident: झालावाड़ के झालरापाटन क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भंवरासा पुलिया के समीप एक अनियंत्रित ट्रेलर पुलिया से नीचे गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब ट्रेलर चालक ने सड़क पर अचानक सामने आए एक अज्ञात युवक को बचाने का प्रयास किया, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात एक मालवाहक ट्रेलर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 से होकर गुजर रहा था। भंवरासा पुलिया के निकट अचानक सड़क पर एक युवक आ खड़ा हुआ। चालक ने युवक की जान बचाने के उद्देश्य से तुरंत गाड़ी को मोड़ने और नियंत्रित करने की कोशिश की।
हालांकि, गति और अनियंत्रण के कारण युवक ट्रेलर की चपेट में आ गया और ट्रेलर पुलिया से सीधे नीचे जा गिरा। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रेलर की चपेट में आए युवक और चालक दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में जान गंवाने वाले चालक की पहचान टोंक जिले के बिजवाड़ गांव निवासी 42 वर्षीय श्योजीराम के रूप में हुई है। वहीं, हादसे का शिकार बने दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस अज्ञात युवक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही रविवार सुबह मृतक श्योजीराम के परिजन झालरापाटन चिकित्सालय पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि श्योजीराम पेशे से चालक था। वह 5 अगस्त को जोधपुर के माणकपुर से माल लोड करके छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में 6 और 7 अगस्त को वह अपने गांव बिजवाड़ में रुका था। इसके बाद 8 अगस्त की सुबह वह अपनी मंजिल के लिए निकला था, लेकिन देर रात यह दुखद हादसा घटित हो गया।
श्योजीराम अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी असामयिक मृत्यु से पूरे परिवार पर आर्थिक और मानिसक संकट खड़ा हो गया है। पत्नी चंता देवी गृहिणी हैं। मृतक के दो पुत्र (राकेश व दीपक) और एक पुत्री (निरमा) है, सभी वर्तमान में पढ़ाई कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया। श्योजीराम के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया। जबकि दूसरे अज्ञात युवक के परिजनों की तलाश जारी है।
Updated on:
09 Aug 2026 11:48 am
Published on:
09 Aug 2026 11:05 am
