
Jhalawar: बरामद सोने-चांदी के आभूषण और सामान (फोटो-पत्रिका)
झालावाड़। जिले में वर्षों से गरीबों और किसानों का आर्थिक शोषण कर रहे अवैध साहूकारों के खिलाफ झालावाड़ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को जिलेभर में एक साथ बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 321 किलो चांदी, 4 किलो सोना, 37.35 लाख रुपए नकद, 128 थ्रेशर मशीनें, 35 कल्टीवेटर, 25 ट्रॉलियां, तीन ट्रैक्टर, कई वाहन तथा बड़ी संख्या में बैंक दस्तावेज, खाली स्टांप, चेकबुक, पासबुक और गिरवी रखे गए जेवरों से जुड़े रिकॉर्ड बरामद किए गए। यह सब उधार दी गई राशि के बदले गिरवी रखी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य गरीब, किसानों और जरूरतमंद लोगों को ऊंचे ब्याज के जाल में फंसाकर उनकी जमीन-जायदाद, आभूषण और कृषि उपकरण हड़पने वाले अवैध साहूकारों पर प्रभावी कार्रवाई करना था। अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और संबंधित वृत्ताधिकारियों की निगरानी में एक साथ कई थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया।
पुलिस ने मनोहरथाना, जावर और पिड़ावा थाना क्षेत्रों में कई संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी लेकर बड़ी मात्रा में सोना-चांदी, नकदी और अन्य सामग्री बरामद की। जांच के दौरान सामने आया कि बिना वैध लाइसेंस के लोगों को भारी ब्याज पर पैसा देकर उनकी संपत्तियां गिरवी रखवाई जा रही थीं। इस पूरे नेटवर्क से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस ने मनोहरथाना थाना क्षेत्र के आंवलहेड़ा निवासी कृष्ण गोपाल, राजाराम, भारत सिंह तथा मनोहरथाना निवासी भप्पा सोनी उर्फ श्रीकिशन के ठिकानों पर कार्रवाई की। वहीं जावर थाना क्षेत्र में परमानंद तथा पिड़ावा थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा निवासी ओंकार सिंह और शंकर सिंह के यहां भी छापेमारी की गई। इसके अलावा सुनेल थाना क्षेत्र के केसरपुरा और घाटोली थाना क्षेत्र में भी संदिग्ध अवैध साहूकारी एवं वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए।
कार्रवाई में पुलिस ने 321 किलो चांदी, 4 किलो सोना, 37 लाख 35 हजार 300 रुपए नकद, 128 थ्रेशर मशीनें, 35 कल्टीवेटर, 25 ट्रॉलियां, तीन ट्रैक्टर, दो बोलेरो पिकअप, एक टाटा 407, एक अन्य वाहन, एक टेम्पो और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की। इसके अलावा छह जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिन पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
तलाशी के दौरान पुलिस को लेन-देन की डायरी, बही-खाते, हस्ताक्षरित खाली स्टांप पेपर, ब्लैंक चेक, चेकबुक, बैंक पासबुक तथा गिरवी रखे गए आभूषणों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। पुलिस इन रिकॉर्ड के आधार पर पूरे नेटवर्क की वित्तीय जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कितने लोगों को अवैध ब्याज के जाल में फंसाया गया।
सुनेल और घाटोली थाना क्षेत्रों में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त किया गया। यहां से लेन-देन की डायरियां, बैंक पासबुक, चेकबुक, स्टांप पेपर, मोबाइल और गिरवी जेवरों से संबंधित अभिलेख बरामद हुए है, जिनकी जांच जारी है।
'आम नागरिकों और किसानों से अपील है कि वे आर्थिक जरूरत होने पर केवल अधिकृत बैंकिंग संस्थानों से ही ऋण लें। यदि कोई व्यक्ति डराकर, धमकाकर या धोखे से खाली स्टांप, चेक या संपत्ति हड़पने का प्रयास करे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। जिले में अवैध साहूकारी और आर्थिक शोषण के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।' -अमित कुमार, एसपी झालावाड़
Updated on:
31 Jul 2026 10:02 pm
Published on:
31 Jul 2026 09:56 pm
