4 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

झालावाड़ में हिस्ट्रीशीटर के 22 बीघा अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल रहा तैनात

झालावाड़ जिले में संगठित अपराध और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर दीवान सिंह गुर्जर के कब्जे से करीब 22 बीघा सरकारी चरागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
2 min read
Google source verification
Jhalawar encroachment removal

हिस्ट्रीशीटर के अवैध अतिक्रमण पर को बुलडोजर से हटाती पुलिस टीम। फोटो पत्रिका

झालावाड़। जिले में संगठित अपराध और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर दीवान सिंह गुर्जर के कब्जे से करीब 22 बीघा सरकारी चरागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जा हटाया गया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अपराधियों की अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों और सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मनोहरथाना थाना क्षेत्र के सालियाखेड़ा निवासी हिस्ट्रीशीटर दीवान सिंह पुत्र किशन सिंह उर्फ श्रीलाल गुर्जर के ग्राम रवास्या में करीब 22 बीघा सरकारी चरागाह पर किए गए कब्जे को हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उपखंड अधिकारी पुष्कर मित्तल, तहसीलदार माधोलाल वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक कैलाश चंद, थाना प्रभारी महेंद्र कुमार यादव सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

14 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दीवान सिंह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, चोरी, छेड़छाड़, दुष्कर्म, गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में कुल 14 मामले दर्ज हैं। वर्ष 2017 से उसके खिलाफ लगातार गंभीर अपराधों के प्रकरण दर्ज होते रहे हैं।

व्यापारी से लूट और पुलिस पर हमले का भी आरोपी

पुलिस के अनुसार गत 3 अप्रेल को दीवान सिंह अपने साथियों के साथ मनोहरथाना के एक व्यापारी के पास रंगदारी मांगने पहुंचा था। विरोध करने पर व्यापारी और कर्मचारियों पर हमला कर करीब 50 हजार रुपए लूटकर फरार हो गया। तलाश के दौरान पुलिस ने नाकाबंदी की तो उसने वाहन से टक्कर मारने का प्रयास किया और साथियों के साथ पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस हमले में पुलिसकर्मी घायल हुए थे। बाद में दीवान सिंह को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था।

अभियान रहेगा जारी

पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के अवैध कब्जों तथा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा सके और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

बड़ी खबरें

View All

झालावाड़

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग