बाड़मेर

Rajasthan Politics : मंत्री दिलावर के बयान पर डोटासरा का पलटवार, कहा- जेल तो जाएंगे, लेकिन दिलावर…

Lok Sabha Elections 2024 : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा-हम तो जेल जाएंगे, लेकिन दिलावर जेल में होंगे और हम उनसे मिलने जेल जाएंगे।
2 min read
• •
Updated: 3 Apr 2024, 9:12 PM IST
govind_singh_dotasara.jpg

बाड़मेर। बुधवार को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा बाड़मेर पहुंचे। यहां एक सभा को संबोधित करते हुए डोटासरा ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। साथ ही गोविंद डोटासरा ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बयान पर पलटवार किया है।

दरअसल, मंगलवार को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने टोंक में एक जनसभा में कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी जेल जाएंगे। ये दोनों नेता जेल जाने से बचने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे बच पाएंगे। दिलावर के इस बयान से राजस्थान में एक बार फिर से सियासत गरमा गई है।

आज बुधवार को बाड़मेर में पीसीसी चीफ डोटासरा ने मदन दिलावर पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी में आरएसएस का नायाब हीरा मदन दिलावर हैं, जो कि शिक्षा मंत्री हैं। डोटासरा ने कहा कि वो कह रहे हैं कि अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा जेल जाएंगे।

डोटासरा ने कहा कि हां जेल तो जाएंगे, लेकिन दिलावर जेल में होंगे और हम उनसे मिलने जेल जाएंगे। डोटासरा ने मदन दिलावर पर तंज कसते हुए कहा कि मिस्टर दिलावर साहब, आपकी मां ने दूध पिलाया तो गोविंद डोटासरा के गिरेबान की तरफ झांक कर देखो। उन्होंने कहा कि मैं किसान का बेटा हूं, मैं अध्यापक का बेटा हूं। मैंने जिंदगी में कुछ गलत काम नहीं किया है।

डोटासरा ने कहा कि आप जैसे आरएसएस के लोग बोलते रहेंगे, लेकिन गोविंद डोटासरा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। गोविंद सिंह डोटासरा ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 साल में एक भी काम नहीं हुआ। केवल भाषण दिए। इस दौरान डोटासरा ने मोदी सरकार और भजनलाल सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला।

Published on: