बाड़मेर

हैंडपम्प स्वीकृत, कार्य आरम्भ का इंतजार, गहराया पेयजल संकट

- लापुन्दड़ा, परेऊ, कुंपलिया आदि गांवों में पानी की कमी  
2 min read
Jan 25, 2019
chhindwara
Handpump approved, waiting for start of work, water crisis

बालोतरा. क्षेत्र के गांव लापुन्दड़ा, परेऊ, कंूपलिया आदि गांवों की ढाणियों में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों की परेशानियों पर करीब एक वर्ष पूर्व यहां हैण्डपंप स्वीकृत किए गए थे, जिससे परेशान ग्रामीणों ने शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद संजोई थी।

लेकिन जलदाय विभाग व ठेकेदार के इस काम में रुचि नहीं लेने पर ग्रामीणों को अभी भी पानी को लेकर पहले की तरह परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। अनेक बार स्वीकृत हैण्ड पंप खुदवाने की ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

करीब एक वर्ष पूर्व सरकार ने मेघवालों की ढाणी परेऊ, केहनाराम मेघवाल की ढाणी, कुंपलिया, पिरानी सांइयों की ढाणी भूरजी सांई, परेऊ, पीरजी सांईयों की ढाणी किशनाराम, भोलाराम सांई की ढाणी परेऊ, पेमाराम सारण क्यारड़ा चारण, राजूराम लेगा लापुंदड़ा, सवाईराम लेगा की ढाणी लापुन्दड़ा में हैण्डपंप स्वीकृत किए थे।

इस पर पेयजल संकट झेल रहे इन गांवों शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद बंधी,लेकिन जलदाय विभाग अधिकारियों व ठेकेदार के कार्य में रुचि नहीं लेने पर स्वीकृत सभी हैण्ड पंप की अभी तक खुदाई नहीं हो पाई है।

तालाब, नाडियां सूखी-

तालाब, नाडियों का पानी सूखने व पेयजल का अन्य कोई स्रोत नहीं होने से ग्रामीणों की हालत खस्ता हो रखी है। मोल महंगा पानी खरीद कर प्यास बुझाना ग्रामीणों के लिए दिन ब दिन मुश्किल हो रहा है। परेशान ग्रामीण हर जगह गुहार लगाकर स्वीकृत हैण्डपंप का कार्य पूरा करवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन सिवाय आश्वासन पर इन्हें कुछ भी नहीं मिल रहा है।

एक वर्ष पूर्ण स्वीकृति, अभी तक नहीं शुरू -

ढाणी में एक वर्ष पूर्व हैण्डपंप स्वीकृत हुआ था, लेकिन कोई कार्य नहीं किया। पानी को लेकर आज भी पहले की तरह परेशानियां उठानी पड़ रही है। सर्दी में भी हालत खस्ता हो रखी है। कार्य शुरू करवाकर पानी उपलब्ध करवाएं।

- रणधीरसिंह कुंपलिया

पहले कार्य स्वीकृति और अब पूर्ण करवाने के लिए चक्कर-

पहले तो कार्य स्वीकृत करवाने में पसीना बहाना पड़ता है, इसके बाद इसे करवाने में चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस पर भी कार्य समय पर नहीं होता है। सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें। वहीं कार्य पूरा कर पानी उपलब्ध करवाएं। - किशनाराम परेऊ

हैंडपम्प स्वीकृत, कार्य नहीं पूरा-

क्षेत्र में पानी की समस्या पर हैण्डपंप स्वीकृत करवाए थे। एक वर्ष बीतने के बाद भी अब तक कार्य तक शुरू नहीं किया। कहीं कोई सुनवाईनहीं की जा रही है। सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाईकरें।

- दर्शना चौधरी, जिला परिषद सदस्य

Published on:
25 Jan 2019 04:44 pm