- अतिक्रमण और पार्किंग के अभाव में बिगड़ रही यातयात व्यवस्था
सिवाना. कस्बे में बिगड़ी यातायात व्यवस्था को लेकर न तो प्रशासन जागरूक दिख रहा है, ना ही यातायात पुलिस। बेतरतीब पार्किंग, सड़कों पर अतिक्रमण ने यातायात व्यवस्था को बेहाल कर दिया है। वनवे पर भी दोनों और धड़ल्ले से वाहन दौड़ रहे हैं। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी होती है। सबसे बुरा हाल गांधी चौक, बालोतरा रोड, आशापुरी रोड, बस स्टेशन क्षेत्र का है, जहां जाम लगना आम बात हो गई है। इस मार्ग के दुकानदार और रहवासी भी इससे त्रस्त हो गए हंै।
इन सड़कों पर प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया, चार पहिया वाहन दौड़ते है। रोड पर जगह-जगह अतिक्रमण है। इस दौरान लोडिंग वाहन, टैक्सी आदि के कुछ समय तक बीच सड़क खड़ा रहने से जाम लग रहा है। यहां पार्किंग को लेकर दुकानदारों और वाहन चालकों के बीच विवाद होना भी आम बात हो गई है। जाम के कारण आपात सेवाओं जैसे एंबुलेंस, दमकल वाहन भी समय पर नहीं पहुंच पाते।
दुकानों का अतिक्रमण-कस्बे की यातायात व्यवस्था की बदहाली के बीच दुकानों के आगे अतिक्रमण ने भी सड़कों को संकरा कर दिया है। दुकानदार दुकान के बाहर पांच फीट तक अतिक्रमण करके सामान रख देते हैं। दोनों तरफ आठ-दस फीट सड़क इसके चलते अतिक्रमण की भेंट चढ़ जाती है। एेसे में दो चार पहिया वाहन आमने-सामने आते ही जाम लग जाता है।
मुख्य सड़क पर परेशानी- मुख्य सड़क पर हर दिन की समस्या है। वाहन चालक मनमर्जी से वाहन खड़ें करते हैं। इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों की पार्किंग पर प्रतिबंधित होना चाहिए। - रमेश, कस्बावासी
बार-बार लगता जाम- कस्बे में बार-बार जाम लगता है। दुकानों के बाहर रखे सामान से हो रहे अतिक्रमण ने पूरी यातायात व्यवस्था बिगाड़ रखी है। - अशोक कुमार, राहगीर
वनवे की जरूरत- इस मार्ग पर ठेले और अतिक्रमण हटाने के साथ वनवे किया जाना अति आवश्यक हो गया है। जब तक ये मार्ग वनवे नहीं घोषित होगा, तब तक इस मार्ग से निकलने वालों को राहत नहीं मिलेगी। - राहुल कुमार