
बाड़मेर। यदि आप भी इस इलाके में रहते हैं तो सावधान रहे। यहां विभाग की अनदेखी के चलते सांस लेना तक दुभर हो रहा है। चारों ओर धुआं फैला है, जो वातावरण को तो दुषित कर रहा है, साथ ही आमजन को भी मुफ्त में बिमारियां बांट रहा है। दरअसल, जिले की सोनड़ी लिग्नाइट माइंस में करोड़ों रुपए का कोयला आग से खाक हो रहा है। दिनभर कोयले के जलने से इलाके में चारों ओर धुआं फैला रहता है। ग्रामीणों के लिए धुआं परेशानी का सबब बना हुआ है। वहीं कोयला जलने से सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है।
करोड़ों का कोयला आग के हवाले
सोनड़ी लिग्नाइट माइंस में करोड़ों का कोयला धुआं हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार बेफिक्र बने हुए हैं। सुलगते कोयले से निकलने वाला धुआं पर्यावरण के लिए तो खतरनाक है, साथ ही आसपास के ग्रामीणों का सांस लेना दुभर हो गया है। कोयला जलने से सरकार को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। दरअसल, राजस्थान स्टेट माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड (आरएसएमएमएल) की ओर से संचालित सोनड़ी माइंस से प्रतिमाह 40 हजार टन से ज्यादा कोयले का उत्पादन होता है। कोयले की खदान में जगह-जगह आग सुलग रही है। वहीं आग बुझाने के लिए कोई इंतजाम नहीं है।
सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार कौन
समय रहते सुलगते कोयले पर काबू नहीं पाया गया तो हालात विकट होने की आशंका है, जहां से ट्रकों से कोयले का परिवहन हो रहा है, वहां पर फव्वारों से पानी का छिड़काव करने का नियम है। लेकिन सोनड़ी माइंस क्षेत्र में छिड़काव जैसा कुछ नहीं हो रहा है। ऐसे में यहां दिनभर डस्ट उड़ती रहती है। इलाके में फैल रहे धुएं के कारण ग्रामीणों व मजदूरों का जीना दुश्वार हो रहा है। कई प्रकार की बीमारियों के होने की आशंका बनी है। वहीं काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। पत्रिका संवाददाता ने इस मामले को लेकर अधिकारी से सुरक्षा मानकों के बारे में सवाल किया तो मुंह छिपाते हुए गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।