बाड़मेर

ATM कार्ड से धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, पूछताछ में हुआ यह खुलासा

एटीएम से छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बाड़मेर पुलिस ने पर्दाफाश किया।
2 min read
• •
Updated: 13 Jan 2023, 8:53 PM IST
Interstate gang busted for ATM card fraud in barmer

बाड़मेर। एटीएम से छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बाड़मेर पुलिस ने पर्दाफाश किया। उत्तरप्रदेश के कानपुर की इस गैंग को बाड़मेर के एक नागरिक की जागरूकता व पुलिस की तत्परता के चलते बाड़मेर में एटीएम में छेड़छाड़ करना पडऩा भारी पड़ गया। पुलिस ने कानपुर के रहने चार जनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पचास हजार रुपए व कई एटीएम कार्ड बरामद किए।

पुलिस ने बताया कि केन्द्रीय बस स्टेंड बाड़मेर के निकट स्थित पेट्रोल पम्प पर लगे एक एटीएम से गुरूवार दोपहर चार जनों ने पचास हजार रुपए निकाले और बस स्टेंड से रोडवेज बस में बैठकर जैसलमेर की तरफ रवाना हो गए। एटीएम से रुपए निकालते समय इन्होंने मशीन से छेड़छाड़ की, जिसे एक जागरूक नागारिक ने देख दिया। इनकी गतिविधियां संदिग्ध नजर आने व मशीन से छेड़छाड़ देखने पर इस नागरिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस का पीछा किया और नाकाबंदी करवाई। नाकाबंदी के दौरान शिव थाना क्षेत्र के गूंगा कस्बे से आगे बस को रुकवाकर चार जनों को दस्तयाब किया गया।

पूछताछ में हुआ खुलासा
कोतवाली थानाधिकारी चैनप्रकाश व जिला स्पेशल सेल प्रभारी महीपालसिंह के नेतृत्व में पुलिस ने चारों संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम पता अमितसिंह पुत्र शिवभान निवासी नरवल, रविन्द्रसिंह पुत्र हनुमानसिंह निवासी सरुआ, राजसिंह पुत्र गंगासिंह निवासी पनकी, कल्याणसिंह उर्फ कल्लू पुत्र शिवसिंह निवासी ईश्वरम जिला कानपुर उत्तरप्रदेश बताया और बाड़मेर के एटीएम से छेड़छाड़ करते हुए पचास हजार रुपए निकालना स्वीकार किया। पुलिस ने रुपए बरामद किए और इनके एटीएम कार्ड जब्त कर इन्हें गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

देश भर में लाखों की धोखाधड़ी
इन्होंने बताया कि दो दिन पहले भीलवाड़ा में एक एटीएम से डेढ़ लाख रुपए धोखाधड़ीपूर्वक निकाले। बीते डेढ़ वर्ष में राजस्थान, उत्तरप्रदेश व महाराष्ट्र सहित देश भर में घूम-घूम कर लाखों रुपए निकाले, लेकिन कहीं भी पकड़ में नहीं आए।

Published on: