बाड़मेर

नहीं मिल रही साक्षरता की चाबी, कैसे सिरे चढ़े पढऩा-लिखना अभियान

पीईईओ को चार्ज देने के आदेश, नहीं हो रही पालना

2 min read
नहीं मिल रही साक्षरता की चाबी, कैसे सिरे चढ़े पढऩा-लिखना अभियान

दिलीप दवे बाड़मेर. पढऩा-लिखना अभियान सिरे चढ़े इसके लिए जरूरी है कि साक्षरता केन्द्रों की चाबी शिक्षा विभाग को मिले। शिक्षा विभाग के पीईईओ को करीब तीन साल पहले चाबी व चार्ज देने के आदेश दिए गए थे, लेकिन इसकी पालना नहीं हो रही। इसके चलते ग्राम विकास अधिकारियों के पास ही केन्द्रों की चाबी और कागजात है।

अब जबकि नया अभियान शुरू हो रहा है तो केन्द्र शुरू करने की कवायद चल रही है, लेकिन चाबी नहीं मिलने से केन्द्र शुरू होने में दिक्कत आ रही है। कलक्टर के आदेश की भी पालना होती नजर नहीं आती। राज्य में पढऩा-लिखना अभियान के तहत असाक्षर व्यक्तियों के शैक्षिण स्तर में वृद्धि, व्यावसायिक कौशल उन्नयन कोलेकर कार्य होना है।

इसके लिए बाड़मेर जिले में ९००० निरक्षरों का चयन हुआ जिनको ९०० केन्द्रों पर नौ सौ स्वयंसेवी शिक्षक व ४५ संदर्भ व्यक्ति आखर ज्ञान देंगे। जिन ९०० केन्द्रों पर कक्षाएं संचालित होगी उनमें से अधिकांश केन्द्र वहीं होंगे जहां पूर्व में साक्षरता अभियान के तहत केन्द्र संचालित हो रहे थे। शिक्षा विभाग ने इसको लेकर जिला कलक्टर को बताया तो उन्होंने केन्द्रों को शुरू करने के निर्देश दिए। केन्द्रों की चाबी और कागजात का चार्ज वर्तमान में ग्राम विकास अधिकारियों के पास है। इनसे शिक्षा विभाग चार्ज लेकर पंचायत प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी को देना चाहता है, लेकिन चार्ज व चाबी मिल नहीं रही। एेसे में केन्द्र शुरू हो भी तो कैसे?

तीन साल पहले के आदेश, नहीं हो रही पालना- ग्राम पंचायत स्तरीय साक्षरता केन्द्रों का चार्ज हस्तांतरित करने को लेकर प्रमुख शासन सचिव स्कू ल शिक्षा राजस्थान जयपुर ने १६ जुलाई २०१८ को आदेश दिए जिसमें लिखा था कि पीईईओ ग्राम सेवकों से साक्षरता का कार्यभार ग्रहण कर सीबीईओ के माध्यम से सूचना दे, लेकिन उसकी पालना अब तक नहीं हुई। १७ मई को पुन: जिला शिक्षा अधिकारी ने पीईईओ को आदेश दिए लेकिन अभी तक भी ग्राम सेवकों से उनको चार्ज मिला ना ही केन्द्रों की चाबी।

बीसियों बार मांगा चार्ज, नहीं मिल रहा- पीईईओ ने एक बार नहीं बीस बार ग्राम विकास अधिकारियों से साक्षरता केन्द्रों की चाबी व चार्ज मांगा, लेकिन नहीं दिया जा रहा। जब तक ग्राम विकास अधिकारी पाबंद नहीं होगें, ये चार्ज हस्तांतरण संभव नहीं है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ने निवेदन किया है कि वीडीओ को पाबंद कर चार्ज हस्तांतरित करवाएं जिससे कि पढऩा-लिखना अभियान सिरे चढ़ सके।- जेतमाल सिंहराठौड़, जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी बाड़मेर

Published on:
22 Feb 2021 08:44 pm
Also Read
View All